क्षेत्रीय समाचार

तलवाड़ी कॉलेज में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर विविध कार्यक्रम आयोजित

 

महिला वैज्ञानिकों की भूमिका पर विशेष जोर


थराली, 28 फरवरी (हरेंद्र बिष्ट)। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आलम सिंह फर्स्वाण राजकीय महाविद्यालय, तलवाड़ी में ‘राष्ट्रीय विज्ञान दिवस’ के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने विज्ञान के प्रति जागरूकता, नवाचार और अनुसंधान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए छात्र-छात्राओं को वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की थीम ‘वीमेन इन साइंस: कैटेलाइजिंग विकसित भारत’ रही, जिसके अंतर्गत विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में महिलाओं की सशक्त भूमिका और विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय सहभागिता पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम संयोजक डॉ. नीतू पांडे ने कहा कि थीम के अनुरूप आयोजनों का उद्देश्य विज्ञान एवं अनुसंधान में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना, महिला वैज्ञानिकों को सम्मानित करना तथा छात्राओं को विज्ञान के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित करना है।
प्रभारी प्राचार्य डॉ. शंकर राम और डॉ. ललित जोशी ने प्रसिद्ध वैज्ञानिक Gladys West के जीवन और योगदान पर प्रकाश डाला। डॉ. खेमकरण ने वैज्ञानिक अभिवृत्ति के महत्व को रेखांकित किया, जबकि डॉ. पुष्पा रानी ने विज्ञान और जेंडर समानता के संबंध पर विचार व्यक्त किए। मोहित उप्रेती ने भारतीय महिला वैज्ञानिकों के महत्वपूर्ण योगदान की जानकारी दी।
इस अवसर पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में भावना पुरोहित ने प्रथम, मनमोहन ने द्वितीय तथा हिमांशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में रजनीश कुमार, डॉ. मनोज कुमार, सुनील कुमार, अनुज कुमार, सुधा राणा, रजनी नेगी, डॉ. सुनील कुमार, कुशलानंद सती, महीपाल सिंह, हुकम सिंह, दीपा देवी, धीरेन्द्र सिंह, शंभू चमोली, थान सिंह और गुड्डू सिंह सहित अनेक प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के समापन पर होली मिलन समारोह का भी आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित जनों ने आपसी सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!