पशुलोक बैराज में नदी तटवर्ती क्षेत्रों के लिए जागरूकता बैठक आयोजित

ऋषिकेश, 2 मार्च। वीरभद्र (पशुलोक) बैराज में आज नदी के निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जल विद्युत उत्पादन मंडल, चीला के उपमहाप्रबंधक शैलेश कुमार मिश्रा ने की।
बैठक में अधिशासी अभियंता पशुलोक बैराज राजकुमार, उपखंड अधिकारी पशुलोक बैराज अतुल शर्मा, उपखंड अधिकारी भीमगोड़ा बैराज भारत भूषण, कोतवाली रायवाला के उपनिरीक्षक योगेन्द्र खोटियान सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य बाढ़ की संभावित स्थिति तथा बैराज से आकस्मिक जल निकासी के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों के बारे में नदी के अधोप्रवाह क्षेत्र के निवासियों को जागरूक करना था। उपमहाप्रबंधक शैलेश कुमार मिश्रा ने कहा कि जलाशयों से पानी छोड़े जाने की स्थिति में समय से पूर्व सूचना, सतर्कता और आपसी समन्वय अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बैराज के निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन अवश्य करना चाहिए।
उन्होंने नागरिकों को सलाह दी कि बाढ़ अथवा अचानक जल छोड़े जाने की स्थिति में नदी तट से सुरक्षित दूरी बनाए रखें, चेतावनी सायरन और घोषणाओं पर तुरंत ध्यान दें, बच्चों और पशुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाएं, रात्रि में अनावश्यक आवाजाही से बचें तथा प्रशासन द्वारा चिन्हित सुरक्षित स्थलों पर शीघ्र पहुंचें।
इस अवसर पर पूर्व चेतावनी प्रणाली की विशेषताओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। उपखंड अधिकारी अतुल शर्मा ने बताया कि यह व्यवस्था जलस्तर में होने वाले परिवर्तन की निरंतर निगरानी करती है और सायरन, संदेश सूचना तथा अन्य संचार माध्यमों से समय रहते जानकारी उपलब्ध कराती है। इससे संभावित खतरे को कम करने और जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहायता मिलती है।
जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने इस व्यवस्था की सराहना करते हुए इसे जनहित में उपयोगी पहल बताया और इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सुझाव भी दिए।
कार्यक्रम का संचालन उपखंड अधिकारी अतुल शर्मा ने किया। अंत में सभी प्रतिभागियों ने आपदा प्रबंधन और जनसुरक्षा के लिए समन्वित प्रयास निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।
