क्षेत्रीय समाचारशिक्षा/साहित्य

इन्सपायर अवार्ड मानक कार्यक्रम में चमोली के 139 विद्यार्थी चयनित

 

गौचर/ पोखरी, 3 मार्च (गुसाईं/राणा)। भारत सरकार के विज्ञान व प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा संचालित इन्सपायर अवार्ड मानक कार्यक्रम के अंतर्गत शैक्षिक सत्र 2025-26 के लिए जनपद चमोली के 139 विद्यार्थियों का चयन हुआ है। विद्यार्थियों की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर शिक्षा विभाग ने हर्ष व्यक्त किया है।
कार्यक्रम के परिणाम 25 फरवरी 2026 को घोषित किए गए। जिला समन्वयक गंभीर सिंह असवाल ने बताया कि इस योजना के तहत कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने तथा अपने आसपास की समस्याओं के वैज्ञानिक समाधान खोजने के उद्देश्य से नवाचारी विचार आमंत्रित किए जाते हैं। विद्यार्थी अपने विद्यालय के माध्यम से अपने नवाचार संबंधी विचार इन्सपायर पोर्टल पर अपलोड करते हैं।
चयनित विद्यार्थियों को क्रियाशील मॉडल एवं परियोजना तैयार करने के लिए भारत सरकार की ओर से 10 हजार रुपये की धनराशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से उनके बैंक खातों में प्रदान की जाती है, ताकि वे अपने विचारों को व्यवहारिक रूप दे सकें।
मुख्य शिक्षा अधिकारी चमोली आकाश सारस्वत, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक श्रीकांत पुरोहित, जिला शिक्षा अधिकारी प्राथमिक पंकज उप्रेती सहित सभी खंड शिक्षा अधिकारियों एवं उप शिक्षा अधिकारी चमोली ने जनपद के विद्यार्थियों के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इन्सपायर टीम चमोली को शुभकामनाएं दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!