सार्वजनिक कार्यक्रमों में शराब परोसने पर पूर्ण प्रतिबंध, उल्लंघन पर लगेगा जुर्माना
पोखरी, 18 मार्च (राणा)। पहाड़ी क्षेत्रों में शराब के बढ़ते दुष्प्रभावों से चिंतित महिलाओं ने अब इसके खिलाफ संगठित पहल शुरू कर दी है। जिले की विभिन्न ग्राम सभाओं में महिला मंगल दलों द्वारा सार्वजनिक कार्यक्रमों में शराब परोसने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्णय लिए जा रहे हैं।
इसी क्रम में विकासखंड पोखरी की ग्राम पंचायत सिमखोली में भी महिलाओं ने एक सख्त और महत्वपूर्ण फैसला लिया है। महिला मंगल दल की अध्यक्ष संगीता देवी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि अब शादी-विवाह, मुंडन, पितृकार्य तथा अन्य धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में शराब परोसना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। निर्णय का उल्लंघन करने पर संबंधित व्यक्ति पर 21,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।
बैठक में यह भी तय किया गया कि यदि कोई व्यक्ति शराब के नशे में सार्वजनिक कार्यक्रमों में व्यवधान उत्पन्न करता है तो उस पर 1,100 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं, बाहरी व्यक्ति द्वारा शराब पीकर हुड़दंग करने पर 2,100 रुपये का दंड निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त, पेंशनधारियों द्वारा सार्वजनिक कार्यों के लिए शराब उपलब्ध कराने पर भी 2,100 रुपये का जुर्माना लगाने का प्रावधान किया गया है।
महिला शक्ति के इस निर्णय से क्षेत्र में सकारात्मक माहौल देखने को मिल रहा है। तहसीलदार जिनेन्द्र सिंह रावत और थानाध्यक्ष देवेन्द्र पंत ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में न केवल सामाजिक व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि अवैध शराब के प्रचलन पर भी प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा।
बैठक में ग्राम प्रधान ईश्वर सिंह नेगी सहित महिला मंगल दल की पदाधिकारी और सदस्य—कविता देवी, शशि देवी, अनिता देवी, गीता देवी, नीलम देवी, सरस्वती देवी, शीला देवी, पूनम देवी, मुन्नी देवी, विमला देवी, सोनिका देवी, जसोधा, कल्पेश्वरी, बंसती देवी, उमा देवी, शिवदेई देवी, सुशीला देवी, मंजू देवी, रीना देवी, सुषमा देवी, आरती देवी और तारा देवी सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।
