गौचर में मुख्य बाजार में खतरनाक पेड़ों की लॉपिंग की मांग

गौचर, 19 मार्च (गुसाईं)। व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश लिंगवाल ने वन क्षेत्राधिकारी गौचर को पत्र सौंपकर मुख्य बाजार क्षेत्र में खतरे का कारण बन रहे विशालकाय पेड़ों की लॉपिंग (छंटाई) कराने की मांग की है।
वन क्षेत्राधिकारी नवल किशोर को दिए गए पत्र में राकेश लिंगवाल ने बताया कि गौचर के मुख्य बाजार में कई बड़े पेड़ों की शाखाएं न केवल आमजन के लिए खतरा बनी हुई हैं, बल्कि विद्युत तारों को भी नुकसान पहुंचाने की आशंका बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि आंधी-तूफान का मौसम आने में अब ज्यादा समय नहीं बचा है। यदि समय रहते इन पेड़ों की छंटाई नहीं कराई गई, तो किसी भी अप्रिय घटना से इंकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
