प्रेमनगर में महिला के ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, पति गिरफ्तार
पूर्व पत्नी के दोबारा साथ रहने के दबाव पर की गई थी हत्या
देहरादून, 19 मार्च। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में मिले अज्ञात महिला के शव के ब्लाइंड मर्डर का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने महिला के पति को गिरफ्तार किया है, जिसने पारिवारिक विवाद के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, 11 मार्च 2026 को मांडूवाला रोड स्थित बालासुदरी मंदिर परिसर में एक सफेद प्लास्टिक कट्टे के भीतर अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। शव की पहचान न होने के कारण यह मामला पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में दून पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आठ टीमों का गठन किया। जांच के दौरान करीब 2500 सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, लेकिन प्रारंभिक स्तर पर कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद पुलिस ने आसपास की 30 से अधिक झुग्गी-बस्तियों में व्यापक सत्यापन अभियान चलाते हुए लगभग 5000 लोगों से पूछताछ की।
लगातार प्रयासों के बाद 19 मार्च को पुलिस को अहम जानकारी मिली। जांच में पता चला कि एक मजदूर की पत्नी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता है। इस आधार पर पुलिस ने संदिग्ध रंजीत शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपनी पहली पत्नी रूपा की हत्या करना स्वीकार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि पारिवारिक विवाद इस हत्या की मुख्य वजह था। रूपा अपने दूसरे पति को छोड़कर वापस रंजीत के पास आ गई थी और उस पर दूसरी पत्नी को छोड़ने का दबाव बना रही थी। इसी बात को लेकर 5 मार्च की रात दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद रंजीत ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने शव को चार दिनों तक कमरे में छिपाकर रखा और 8 मार्च को उसे कट्टे में डालकर शीतला माता मंदिर के पास जंगल में फेंक दिया।
पुलिस ने आरोपी रंजीत शर्मा, निवासी सुखासन, थाना सिमरी बख्तयारपुर, जिला सहरसा (बिहार), वर्तमान निवासी भट्टोवाला, प्रेमनगर को गिरफ्तार कर लिया है। मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को आईजी राजीव स्वरूप एवं एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
