क्षेत्रीय समाचार

अभिभावक-शिक्षक बैठक में छात्रों के सर्वांगीण विकास पर जोर

पोखरी, 25 मार्च (राणा)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नागनाथ पोखरी में बुधवार को प्राचार्य डॉ. रीटा शर्मा की अध्यक्षता में अभिभावक-शिक्षक संघ (पीटीए) की बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य महाविद्यालय की गतिविधियों में अभिभावकों की सहभागिता बढ़ाना, छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक प्रगति एवं समस्याओं पर चर्चा करना तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए ठोस पहल करना रहा।
बैठक का संचालन अभिभावक-शिक्षक संघ के संयोजक डॉ. नन्दकिशोर चमोला ने किया। उन्होंने प्राचार्य, प्राध्यापकों, अभिभावकों एवं उपस्थित अतिथियों का स्वागत करते हुए बैठक की रूपरेखा एवं एजेंडा प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. रीटा शर्मा ने महाविद्यालय में संचालित शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, अनुशासन एवं शैक्षणिक गुणवत्ता पर विशेष बल देते हुए अभिभावकों से सक्रिय सहयोग और सुझाव आमंत्रित किए। साथ ही विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए आगामी योजनाओं की रूपरेखा भी साझा की।
महाविद्यालय के मुख्य शास्ता डॉ. संजीव कुमार जुयाल ने सह-पाठ्यक्रम एवं पाठ्येत्तर गतिविधियों के तहत संचालित विभिन्न इकाइयों—कैरियर काउंसलिंग प्रकोष्ठ, देवभूमि उद्यमिता योजना, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), रेड क्रॉस तथा रोवर-रेंजर्स—की जानकारी दी और इनमें छात्रों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
बैठक में अभिभावक-शिक्षक संघ के सदस्य महिपाल सिंह रावत, रामेश्वर चमोला, रमेश प्रसाद, विमला देवी, मीना देवी, रेखा देवी, दिनेश लाल, प्रबल सिंह रावत सहित अन्य अभिभावक एवं प्राध्यापकगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!