क्राइम

प्रमोशन के नाम पर 50 हजार की रिश्वत लेते आंगनबाड़ी सुपरवाइजर गिरफ्तार

 

विकास भवन रोशनाबाद स्थित डीपीओ कार्यालय के एक अधिकारी का नाम भी जांच में आया

 

हरिद्वार,  25  मार्च । जिले के रुड़की में सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने आंगनबाड़ी सहायिका के प्रमोशन के नाम पर 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एक आंगनबाड़ी सुपरवाइजर को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी सुपरवाइजर की पहचान राखी सैनी के रूप में हुई है, जो बाल विकास अधिकारी कार्यालय, रुड़की ग्रामीण द्वितीय में तैनात बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आंगनबाड़ी सहायिका ने आरोप लगाया था कि उसके प्रमोशन के एवज में सुपरवाइजर ने 50 हजार रुपये की मांग की थी। शिकायत मिलने पर सतर्कता सेक्टर देहरादून में मुकदमा दर्ज किया गया, जिसके बाद विजिलेंस टीम ने मामले का सत्यापन कर जाल बिछाया।

शिकायत के बाद बिछाया गया जाल

बुधवार को देहरादून से आई विजिलेंस टीम ने रुड़की के बाल विकास अधिकारी कार्यालय में कार्रवाई की। तय योजना के तहत जैसे ही सुपरवाइजर राखी सैनी ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपी को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।

विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

डीपीओ कार्यालय के अधिकारी की भूमिका भी जांच के दायरे में

इस मामले में विकास भवन रोशनाबाद स्थित डीपीओ कार्यालय के एक अधिकारी का नाम भी सामने आया है। हालांकि, अभी उनकी भूमिका स्पष्ट नहीं हुई है। सतर्कता टीम इस पूरे प्रकरण में संभावित संलिप्तता और नेटवर्क की कड़ियों को खंगाल रही है।

छापेमारी के बाद विभागीय महकमे में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई के बाद संबंधित कार्यालयों में कर्मचारियों के बीच दहशत का माहौल है। विजिलेंस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!