क्षेत्रीय समाचार

शिवांगी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल का वार्षिकोत्सव रंगारंग कार्यक्रमों के साथ शुरू

 

पोखरी, 29 मार्च (राणा)। क्षेत्र के शिवांगी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में आयोजित दो दिवसीय वार्षिकोत्सव का आरम्भ रविवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ। मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र सिंह भण्डारी तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य सत्येन्द्र बुटोला ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद “दिल है छोटा सा”, “चांद तारों को छूने की आशा”, “आया रे शुभ दिन आयो रे” और “जय सियाराम” जैसे गीतों पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों की रंग-बिरंगी प्रस्तुतियों पर अभिभावकों ने जमकर तालियां बजाईं।


इस दौरान विद्यार्थियों ने हिंदी और अंग्रेजी में वार्षिकोत्सव, पर्यावरण संरक्षण तथा “माय फेवरेट टीचर” जैसे विषयों पर प्रभावशाली भाषण देकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि राजेन्द्र सिंह भण्डारी ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। ऐसे मंच बच्चों की छिपी प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करते हैं।
उन्होंने अभिभावकों से आह्वान किया कि बच्चों की पहली पाठशाला उनका घर होता है, इसलिए माता-पिता को उनके बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए समर्पण के साथ उनकी गतिविधियों पर ध्यान देना चाहिए। संस्कारवान और शिक्षित बच्चे ही समाज, क्षेत्र, राज्य और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन सरकार के तहत शिक्षा और स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। अपने कार्यकाल के दौरान क्षेत्र में इंजीनियरिंग कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक और आईटीआई संस्थानों की स्थापना कराई गई, जिससे युवाओं को बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसर मिले। उन्होंने भरोसा जताया कि जनता का पुनः आशीर्वाद मिलने पर क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज की स्थापना उनका अगला लक्ष्य होगा।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत व जिला पंचायत सदस्यों, महिला मंगल दलों की महिलाओं तथा अभिभावकों को फूलमाला और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर राज्य महिला आयोग की सदस्य वत्सला सती, नगर पंचायत अध्यक्ष सोहन लाल, सामाजिक कार्यकर्ता त्रिलोचन प्रसाद सती, प्रधानाचार्य संजय कुमार, एडवोकेट देवेन्द्र बर्तवाल, दिब्या भारती, संतोष चौधरी, सत्येन्द्र सिंह नेगी, बीरेंद्र सिंह भण्डारी, पूर्व प्रमुख बिनीता देवी, कैप्टन रमेश बर्तवाल, संतू नेगी, मनोज भण्डारी, छात्रसंघ अध्यक्ष आकाश चमोला, अशुल भण्डारी, गजेंद्र नेगी, पूरण नेगी, बवीता भण्डारी, शांता भण्डारी, रेखा पटवाल राणा, प्राची राणा, इन्दू भारती सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अभिभावक, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन हर्षवर्धन चमोला और शिशुपाल बर्तवाल ने संयुक्त रूप से किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!