गौचर में डाकघर कर्मचारी ने फांसी लगा कर की आत्महत्या
गौचर, 30 मार्च (गुसाईं)। डाकघर में कार्यरत एक युवक ने कमरे के अंदर पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। मृतक की उम्र लगभग 33 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जनपद चमोली के खाल कुंज निवासी अंकित गुसाईं, पुत्र सुरेंद्र सिंह गुसाईं, गौचर डाकघर में कार्यरत था। घटना बृहस्पतिवार देर रात की बताई जा रही है। वह अपनी पत्नी के साथ गौचर में किराए के मकान में रहता था।
चौकी प्रभारी मानवेन्द्र गुसाईं के अनुसार कंट्रोल रूम को रुचि नामक महिला द्वारा सूचना दी गई कि उनके पति ने कमरे के अंदर फांसी लगा ली है। सूचना मिलते ही चौकी गौचर से पुलिस बल मौके पर पहुंचा। उस समय मौके पर रुचि समेत आसपास के लोग भी मौजूद थे।
पुलिस ने खिड़की से देखा कि एक व्यक्ति कमरे के अंदर पंखे से लटका हुआ है। दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से तोड़कर खोला गया। युवक मफलर के सहारे पंखे से लटका हुआ था और अचेत अवस्था में मिला। उसे 108 एंबुलेंस के माध्यम से सरकारी अस्पताल गौचर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। संपूर्ण कार्रवाई की वीडियोग्राफी की गई है तथा कमरे को सुरक्षा की दृष्टि से सील कर दिया गया है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए उपजिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग की मोर्चरी में रखा गया था, जहां शुक्रवार को पंचनामा भरने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बताया गया है कि मृतक और उसकी पत्नी दोनों ही गौचर डाकघर में कार्यरत थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुट गई है।
