प्रदेश मेरिट सूची में 13वां स्थान हासिल कर प्रवेश रावत ने बढ़ाया क्षेत्र व विद्यालय का मान
पोखरी, 26 अप्रैल (राणा)। उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा 2026 में शिवांगी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, पोखरी के छात्र प्रवेश रावत ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 500 में से 475 अंक प्राप्त किए हैं। इस उल्लेखनीय उपलब्धि के साथ उन्होंने प्रदेश की मेरिट सूची में 13वां स्थान हासिल कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
प्रवेश रावत ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता तथा गुरुजनों के आशीर्वाद और मार्गदर्शन को दिया है। उनके पिता संजय रावत खंड विकास कार्यालय में प्रशासनिक सहायक के पद पर कार्यरत हैं, जबकि माता ललिता रावत गृहिणी हैं।
भविष्य की योजनाओं के बारे में प्रवेश ने बताया कि वह सिविल सेवा की तैयारी कर सिविल सर्वेंट बनना चाहते हैं, ताकि देश की सेवा कर सकें। प्रवेश रावत की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, शिक्षकों एवं क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की
