राजनीति

महंगाई, बेरोजगारी और अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर कांग्रेस की जन आक्रोश रैली

देहरादून, 2 मई। उत्तराखंड कांग्रेस ने युवा नेता रितेश छेत्री के संयोजन में बल्लूपुर चौक से बल्लीवाला नाथ पैलेस तक शनिवार को जन आक्रोश रैली निकाली। रैली में प्रदेश कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व शामिल रहा, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत विशेष रूप से उपस्थित रहे।

रैली का आयोजन प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, छात्रों के कथित उत्पीड़न, बिगड़ती कानून व्यवस्था और अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने भाग लेकर राज्य सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।

प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि राज्य की जनता महंगाई और बेरोजगारी से परेशान है तथा कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। उन्होंने अंकिता भंडारी प्रकरण में न्याय में देरी पर भी सवाल उठाए और कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज बनकर सड़कों पर उतरी है तथा न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान शांति और सुरक्षा की रही है, लेकिन वर्तमान परिस्थितियां चिंता का विषय हैं। उन्होंने महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए कहा कि अंकिता भंडारी के परिजनों को न्याय दिलाना आवश्यक है।

प्रदेश मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी बढ़ रही है और महंगाई का असर आम लोगों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग करेगी।

कार्यक्रम संयोजक रितेश छेत्री ने कहा कि यह रैली युवाओं और आम जनता की भावनाओं को व्यक्त करने का माध्यम है। उन्होंने रोजगार, सुरक्षा और न्याय की मांग दोहराते हुए कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि रैली से पहले लगाए गए कई बैनर-पोस्टर हटा दिए गए।

कांग्रेस ने कहा कि यह रैली एक व्यापक आंदोलन की शुरुआत है और आगे भी जनहित के मुद्दों को लेकर कार्यक्रम जारी रहेंगे।

रैली में संजय शर्मा, लालचंद शर्मा, आनंद बहुगुणा, प्रदीप जोशी, सुमित्रा ध्यानी, अनुराग गुप्ता, दीप वोहरा, पिया थापा, राजकुमार जायसवाल, पीयूष जोशी, वंश, प्रियांशु गौड़, राजीव प्रजापति, शुभम सैनी, कासिम चौधरी, राजेश शर्मा, मोहित ग्रोवर, अवधेश, माही जेटली सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं युवा शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!