क्षेत्रीय समाचार

ठेकेदार की लापरवाही से पोखरी-हापला मोटर मार्ग बना जानलेवा, हादसे का खतरा बढ़ा

n

पोखरी, 4 मई (राणा)। क्षेत्र की लाइफलाइन मानी जाने वाली और 50 से अधिक ग्राम सभाओं को जिला मुख्यालय गोपेश्वर से जोड़ने वाली लोक निर्माण विभाग के अधीन पोखरी-हापला-गोपेश्वर मोटर मार्ग इन दिनों बदहाल स्थिति में है। बगथल और नारी गदेरे पर चल रहे काजवे और स्कवर (पुलिया) के पुनर्निर्माण कार्य में ठेकेदार की लापरवाही के चलते सड़क जानलेवा बन गई है।

बताया जा रहा है कि इन दोनों स्थानों पर पिछले छह माह से निर्माण कार्य कछुआ गति से चल रहा है। लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क पर कीचड़ फैल गया है और मार्ग अत्यंत संकरा हो गया है। ऐसे में वाहन चालकों और यात्रियों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

इस मोटर मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन, सवारी गाड़ियां और मालवाहक ट्रक गुजरते हैं, जिससे खतरा और अधिक बढ़ गया है।

किमोठा के प्रधान बाल ब्रह्मचारी हरिकृष्ण किमोठी, रडुवा वार्ड की क्षेत्र पंचायत सदस्य चंद्रकला देवी, काणड़ई-चंद्रशिला के प्रधान भगत सिंह भंडारी, तोणजी की प्रधान राजेश्वरी देवी, नवीन राणा, गजेंद्र नेगी तथा डुगर के पूर्व प्रधान बलवीर परमार सहित कई जनप्रतिनिधियों ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर शासन-प्रशासन से जनहित में तत्काल सड़क की स्थिति सुधारने की मांग की है।

उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजकुमार ने बताया कि संबंधित ठेकेदार को निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्य में लापरवाही बरती गई तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!