राजनीति

ज्योतिर्मठ में कांग्रेस की विशाल संगठनात्मक बैठक, 2027 चुनाव की रणनीति पर मंथन

ज्योतिर्मठ, 10 मई (कपरुवाण)। नगर सभागार ज्योतिर्मठ में आज ब्लॉक एवं नगर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्तराखंड कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने भाग लेते हुए संगठन की मजबूती, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता तथा आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, सह-प्रभारी मनोज यादव तथा सुरेंद्र शर्मा पहुंचे। नेताओं का कार्यकर्ताओं ने ढोल-दमाऊ, पुष्पमालाओं और पारंपरिक स्वागत के साथ जोरदार अभिनंदन किया।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की वास्तविक शक्ति बूथ स्तर पर कार्यरत कार्यकर्ताओं में निहित होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर केंद्र और राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों को उजागर करने तथा कांग्रेस की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने संयुक्त रूप से कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन का चुनाव नहीं होगा, बल्कि यह उत्तराखंड के स्वाभिमान, युवाओं के भविष्य और राज्य की मूल भावना को बचाने की लड़ाई होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने और जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया।

बद्रीनाथ विधायक लखपत बुटोला ने सीमांत क्षेत्रों की समस्याओं, पलायन, सड़क, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए ठोस नीति की आवश्यकता है।

बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। प्रमुख रूप से जिलाध्यक्ष सुरेश डिमरी, पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश नेगी, नगर पालिकाध्यक्ष देवेश्वरी शाह, ब्लॉक प्रमुख अनूप नेगी, नगर अध्यक्ष प्रकाश नेगी, ब्लॉक अध्यक्ष दिगम्बर बिष्ट, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष सूर्या पुरोहित, पूर्व प्रमुख हरीश परमार, एससी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष सूरज सैलानी, एसटी प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष शंकर सिंह रावत, महिला जिलाध्यक्ष ऊषा रावत, विक्रम फरस्वाण, रामेश्वर थपलियाल, सुखदेव सिंह बिष्ट, नरेंद्र रावत और नरेश चंद्र सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनावों में एकजुट होकर कार्य करने तथा कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को घर-घर पहुंचाने का संकल्प लिया। शीर्ष नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं के उत्साह और भारी उपस्थिति को देखते हुए विश्वास व्यक्त किया कि कांग्रेस वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में मजबूत वापसी करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!