Front Page

पेट्रोल-डीजल फिर महंगा, पांच दिनों में दूसरी बढ़ोतरी से आम जनता पर बढ़ा बोझ

 

नई दिल्ली, 19 मई। देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। तेल कंपनियों ने मंगलवार से पेट्रोल और डीजल के दामों में लगभग 90 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की है। पिछले पांच दिनों के भीतर यह दूसरी बार है जब ईंधन की कीमतें बढ़ाई गई हैं। इससे पहले शुक्रवार को भी पेट्रोल-डीजल के दामों में तीन-तीन रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की गई थी। लगातार हो रही वृद्धि से आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ना तय माना जा रहा है।
नई दरों के अनुसार राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 97.77 रुपये से बढ़कर 98.64 रुपये प्रति लीटर हो गई है, जबकि डीजल 90.67 रुपये से बढ़कर 91.58 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। मुंबई में पेट्रोल 107.59 रुपये और डीजल 94.08 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। कोलकाता में डीजल 96.07 रुपये तथा चेन्नई में 96.11 रुपये प्रति लीटर हो गया है। देश के 17 राज्यों में पेट्रोल की कीमत 100 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच चुकी है।
तेल कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिसके चलते घरेलू बाजार में भी कीमतें बढ़ानी पड़ रही हैं। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि तेल कंपनियों को अभी भी पूर्व के घाटे की पूरी भरपाई नहीं हो सकी है, इसलिए आने वाले दिनों में कीमतों में और बढ़ोतरी की संभावना बनी हुई है।
जानकारों के अनुसार 15 मई को हुई पिछली वृद्धि के बाद पेट्रोल पर लगभग 10 रुपये और डीजल पर 13 रुपये प्रति लीटर तक का अतिरिक्त भार उपभोक्ताओं पर पड़ा था। अब नई वृद्धि से परिवहन लागत बढ़ेगी, जिसका असर फल-सब्जियों, खाद्यान्न, निर्माण सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों पर भी दिखाई दे सकता है। सार्वजनिक परिवहन और माल ढुलाई महंगी होने से महंगाई दर में भी इजाफा होने की आशंका जताई जा रही है।
इस बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश एक बड़े आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई का सबसे अधिक असर गरीबों, किसानों और छोटे व्यापारियों पर पड़ेगा। विपक्ष ने सरकार से पेट्रोल-डीजल पर लगने वाले करों में कटौती कर आम जनता को राहत देने की मांग की है।
विशेषज्ञों का कहना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में जल्द गिरावट नहीं आई तो आने वाले समय में पेट्रोल और डीजल की कीमतें और बढ़ सकती हैं। इससे पहले ही महंगाई की मार झेल रहे लोगों की परेशानियां और बढ़ने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!