हेमकुंड साहिब यात्रा का शुरू, पहला जत्था ऋषिकेश से रवाना

ऋषिकेश, 21 मई (कपरुवाण)। सिखों के पवित्र तीर्थस्थल श्री हेमकुंड साहिब यात्रा का शुभारंभ बुधवार को लक्ष्मण झूला मार्ग स्थित गुरुद्वारा परिसर से विधिवत रूप से हुआ। दिल्ली के उप राज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू ने पंज प्यारों की अगुवाई में पहले जत्थे को रवाना कर यात्रा का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर गुरुद्वारा परिसर एवं दरबार हॉल को भव्य रूप से सजाया गया था। प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ गुरुद्वारा परिसर में उमड़ पड़ी। पूर्वाह्न लगभग 11:30 बजे गुरुद्वारा ट्रस्ट के अध्यक्ष सरदार नरेन्द्रजीत सिंह बिंद्रा एवं अन्य पदाधिकारियों ने उप राज्यपाल का गर्मजोशी से स्वागत किया।
मुख्य अतिथियों एवं उपस्थित श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारा दरबार साहिब में मत्था टेका। ट्रस्ट की ओर से उप राज्यपाल को सिरोपा, प्रसाद एवं स्मृति चिह्न भेंट किए गए।
पंज प्यारों के सम्मान समारोह के उपरांत सिख समुदाय के आठ वर्षीय जीनियस मास्टर रणवीर सिंह सचदेवा को उनकी विशेष उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में रागी जत्थों एवं गुरमत संगीत बाल विद्यालय के विद्यार्थियों ने गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत किया। इसके बाद पंज प्यारों की अगुवाई में पुष्पवर्षा, बैंड-बाजों की धुन तथा “जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल” के जयघोष के बीच पहला जत्था अपने गंतव्य के लिए रवाना हुआ।
उप राज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू ने संगत को संबोधित करते हुए सिख धर्म की महान परंपराओं एवं श्री हेमकुंड साहिब यात्रा की पावन गरिमा को बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं के लिए सुखद, सुरक्षित एवं निर्विघ्न यात्रा की कामना करते हुए गुरु महाराज के समक्ष अरदास की।
उन्होंने प्रशासन एवं गुरुद्वारा ट्रस्ट द्वारा यात्रियों की सुविधाओं हेतु किए गए व्यवस्थाओं की सराहना भी की। उप राज्यपाल ने दोपहर लगभग 1:40 बजे लंगर हॉल में लंगर प्रसाद ग्रहण करने के बाद प्रस्थान किया।
इस अवसर पर परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, उत्तराखंड माइनॉरिटीज एजुकेशन अथॉरिटी के अध्यक्ष डॉ. सुरजीत सिंह, उत्तराखंड माइनॉरिटीज कमीशन की उपाध्यक्ष फरजाना बेगम, दिल्ली गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के मुख्य सलाहकार चंदोक, परमार्थ निकेतन के स्वामी चिदानंद सरस्वती, पंजाब के राज्य सूचना आयुक्त हरप्रीत सिंह संधू, उत्तराखंड बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. गीता खन्ना, नगर निगम ऋषिकेश के महापौर शंभू पासवान सहित अनेक संत-महात्मा, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा देश-विदेश से आए श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड के राज्यपाल के कार्यों पर आधारित पुस्तक “गुरसेवक” का विमोचन भी किया गया। साथ ही डॉ. गुरदीप कौर द्वारा लिखित पुस्तक “समरी ऑफ कृष्ण अवतार फ्रॉम दसम ग्रंथ साहिब” का भी लोकार्पण किया गया।
अंत में ट्रस्ट अध्यक्ष सरदार नरेन्द्रजीत सिंह बिंद्रा ने संगत से यात्रा की पवित्रता बनाए रखने एवं प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील करते हुए सभी यात्रियों की सुखद एवं मंगलमय यात्रा के लिए अरदास की।
