क्षेत्रीय समाचार

फिल्म अभिनेता आशुतोष राणा ने किए बदरीविशाल के दर्शन

 

बदरीनाथ/ज्योतिर्मठ, 21 मई (कपरुवाण)। प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता Ashutosh Rana ने बुधवार पूर्वाह्न भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति की ओर से उनका स्वागत किया गया तथा भगवान बदरीविशाल का प्रसाद एवं अंगवस्त्र भेंट किए गए।
बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अभिनेता आशुतोष रामनारायण नीखरा उर्फ आशुतोष राणा ने पूजा-अर्चना के दौरान देश एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि तथा जनकल्याण की कामना की।
उन्होंने बीकेटीसी द्वारा संचालित यात्रा व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि बदरीनाथ धाम की आध्यात्मिक ऊर्जा और दिव्य वातावरण प्रत्येक श्रद्धालु को आत्मिक शांति प्रदान करता है।
बदरीनाथ धाम के प्रभारी अधिकारी गिरीश चौहान ने अभिनेता का अभिनंदन करते हुए उन्हें भगवान बदरीविशाल का प्रसाद एवं स्मृति-चिह्न भेंट किया। धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल तथा वेदपाठी रविंद्र भट्ट ने पूजा-अर्चना संपन्न कराई।
इस अवसर पर विशेष आमंत्रित सदस्य रजनीश भट्ट, पूर्व सदस्य भास्कर डिमरी, प्रभारी अधिकारी गिरीश चौहान, मंदिर अधिकारी राजेन्द्र चौहान, प्रोटोकॉल अधिकारी प्रमोद नौटियाल, वैभव उनियाल, राहुल नेगी, योगंबर नेगी, विकास सनवाल और हरीश बिष्ट सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश निवासी आशुतोष राणा हिन्दी फिल्म जगत के चर्चित अभिनेताओं में शामिल हैं। उन्होंने अपने अभिनय जीवन की शुरुआत दूरदर्शन धारावाहिकों से की तथा फिल्म दुश्मन से विशेष पहचान बनाई। प्रभावशाली अभिनय और नकारात्मक भूमिकाओं के लिए प्रसिद्ध आशुतोष राणा ने संघर्ष, राज, बादल और मुल्क सहित अनेक चर्चित फिल्मों में अभिनय किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!