आपदा/दुर्घटना

ट्रांसफार्मर में आग लगने से गौचर में गाय की मौत, करंट से झुलसे दो मजदूर

गौचर, 21 मई (गुसाईं)। क्षेत्र में विद्युत शॉर्ट सर्किट की दो अलग-अलग घटनाओं में एक गाभिन गाय की मौत हो गई, जबकि दो मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे पालिका क्षेत्र के तलधारी स्थित विद्युत सब स्टेशन के ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई। आग लगने के बाद आसपास के घरों में करंट फैल गया, जिससे मधु मिश्रा की गौशाला में बंधी गाभिन गाय की मौत हो गई। साथ ही क्षेत्र के 20 से 22 घरों में लगे विद्युत उपकरण भी जल गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार तेज धमाके के साथ ट्रांसफार्मर में आग लगी और देखते ही देखते आसपास के घरों के पंखे, फ्रिज तथा इंडक्शन चूल्हे जलने लगे। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की मदद लेनी पड़ी।
वहीं दूसरी घटना बुधवार देर शाम पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर पांच में हुई। पुलिस के अनुसार दो मजदूर बिजली के खंभे पर चढ़कर बंच केबल बिछाने का कार्य कर रहे थे, तभी वे करंट की चपेट में आ गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मजदूरों मनब्बर पुत्र नानू निवासी गहतोली, सहारनपुर तथा अंकुर पुत्र विनोद निवासी बेहड़, सहारनपुर को विद्युत विभाग के कर्मचारियों की सहायता से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गौचर पहुंचाया गया।
डॉक्टरों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया घटना शटडाउन खुलने के कारण हुई प्रतीत हो रही है। इन दिनों पालिका क्षेत्र में बिजली के नंगे तारों की जगह बंच केबल बिछाने का कार्य चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तथा विद्युत विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। दूसरी ओर कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश नेगी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पशुपालन एवं विद्युत विभाग से प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!