गढ़वाल विवि और सीटीसी एसएसबी के बीच एमओयू, संयुक्त रूप से होंगे प्रशिक्षण
श्रीनगर (गढ़वाल), 26 मई। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय एवं केंद्रीयकृत प्रशिक्षण केंद्र (सीटीसी) एसएसबी, श्रीनगर गढ़वाल के मध्य सोमवार को आपसी सहयोग और समन्वय को बढ़ावा देने हेतु एक महत्वपूर्ण एमओयू (समझौता ज्ञापन) पर हस्ताक्षर किए गए।
इस समझौते के अंतर्गत दोनों संस्थान प्रशिक्षण, शिक्षा, अनुसंधान, कौशल विकास, खेल, योग, आपदा प्रबंधन तथा पर्यावरण संरक्षण सहित अन्य पारस्परिक हितों के क्षेत्रों में संयुक्त रूप से कार्य करेंगे। साथ ही विद्यार्थियों एवं कार्मिकों के लिए विभिन्न शैक्षणिक और प्रशिक्षण गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान दोनों संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने भविष्य में संयुक्त कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर सहमति व्यक्त की। वक्ताओं ने कहा कि यह समझौता ज्ञान, अनुभव और संसाधनों के आदान-प्रदान को सुदृढ़ करने के साथ-साथ विद्यार्थियों एवं कार्मिकों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर गढ़वाल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह, सीटीसी एसएसबी श्रीनगर के डीआईजी सुभाष चंद्र नेगी, एसएसबी के कमांडेंट एस.बी. चंद, कुलसचिव प्रो. वाई.पी. रैवानी, उप कमांडेंट अरुण बियाला, प्रो. महेंद्र बाबू कुरुवा तथा सहायक कुलसचिव एस.पी. बादल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
