बाल संसद गठन के साथ छात्र नेतृत्व को मिला नया मंच
पोखरी, 26 मई (राणा)। राजकीय इंटर कॉलेज रडुवां चांदनीखाल में प्रधानाचार्य संजय कुमार की अध्यक्षता में बाल संसद का गठन किया गया। इस अवसर पर निर्वाचित छात्र-छात्राओं को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में लोकतांत्रिक मूल्यों, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता के विकास पर विशेष जोर दिया गया।
मुख्य अतिथि तोणजी निवासी अवकाश प्राप्त कैप्टन विजयपाल सिंह नेगी ने छात्र-छात्राओं को अनुशासित जीवन और शिक्षा के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की दो जरूरतमंद छात्राओं अक्षिता और अंकिता की शिक्षा की जिम्मेदारी उठाने की घोषणा भी की।

कार्यक्रम समन्वयक एवं विद्यालय ईएलसी प्रभारी धर्मेंद्र राणा ने लोकतांत्रिक व्यवस्था और बाल संसद की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि बाल संसद के माध्यम से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी और निर्णय लेने की भावना विकसित होती है।
बाल संसद चुनाव प्रक्रिया में कुल नौ प्रतिभागियों ने भाग लिया। चुनाव में 202 मत डाले गए, जिनमें दो मत अवैध घोषित हुए। कुल 200 वैध मतों में आयुष ने सर्वाधिक 79 मत प्राप्त कर प्रधानमंत्री (हेड बॉय) पद की शपथ ली। कैलाश चंद्र दूसरे स्थान पर रहे, जिन्हें गृहमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं आरुषि को 29 मत प्राप्त हुए और उन्होंने शिक्षामंत्री (हेड गर्ल) पद की शपथ ली। इसके अलावा अन्य पदों पर भी छात्र-छात्राओं को शपथ दिलाकर बाल संसद का गठन किया गया।
इस अवसर पर पीएम श्री प्रभारी डीपी कुमेंडी, एनसीसी प्रभारी प्रदीप रडवाल, एसपी किमोठी, केएस नेगी, हेमराज सिंह राणा, नवीन सिंह नेगी, कमलेश कुमार, राहुल कुमार, मनीषा नेगी, आशा रावत, योगिता कंडारी, मनीषा, सुनीति सेमवाल और नीमा शाह सहित विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन एमएस परमार ने किया। अंत में प्रधानाचार्य संजय कुमार ने सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।
