क्षेत्रीय समाचार

वनाग्नि में जान गंवाने वाली महिला के परिजनों से मिले मुकेश नेगी, सहायता का दिलाया भरोसा

गौचर, 31 मई (गुसाईं)। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश नेगी ने हाल ही में वनाग्नि में जान गंवाने वाली महिला के घर पहुंचकर शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना दी और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
गौरतलब है कि गैरसैंण विकासखंड के बूंगा गांव से लगभग ढाई किलोमीटर दूर स्थित पाटियों तोक खाल में 25 मई को भीषण आग लग गई थी। इस दौरान अपने पशुओं को आग से बचाने का प्रयास करते हुए 52 वर्षीय सुरेशी देवी पत्नी मगन लाल की दर्दनाक मृत्यु हो गई थी। मृतका का परिवार अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित है और आर्थिक रूप से अत्यंत कमजोर है। परिवार में दो पुत्र, दो पुत्रियां तथा अस्वस्थ पति मगन लाल हैं।
मुकेश नेगी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रशासन से हरसंभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने बदरीनाथ वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी सर्वेश कुमार दुबे से दूरभाष पर वार्ता कर मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा प्रदान किए जाने की मांग की।
इस अवसर पर मुकेश नेगी ने कहा कि पाटियों खाल गांव आज भी सड़क सुविधा से वंचित है। गांव तक पहुंचने के लिए लोगों को बूंगा से लगभग ढाई किलोमीटर की पैदल चढ़ाई तय करनी पड़ती है। ऐसे में बीमारी अथवा आपातकालीन परिस्थितियों में ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि नगली-ढमकर-पज्याणा-ईश्वरखाल मोटरमार्ग का निर्माण वन भूमि की स्वीकृति न मिलने के कारण लंबे समय से अटका हुआ है। इस संबंध में उन्होंने लोक निर्माण विभाग गौचर के अधिशासी अभियंता से वार्ता कर सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की।
अपने भ्रमण कार्यक्रम के दौरान मुकेश नेगी ने आदिबद्री, कांसुवा, पय्यां, खेत गदेरा, बूंगा, नगली और ढमकर सहित विभिन्न गांवों का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनीं। इस अवसर पर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष आदिबद्री कमल कोहली, हरीश चौहान, लक्ष्मण सिंह पटवाल, प्रदीप रावत सहित अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!