देवाल में भाजपा पदाधिकारियों के साथ विधायक ने की विकास कार्यों की समीक्षा

देवाल/थराली, 8 जून (हरेंद्र बिष्ट)। थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने कहा कि भाजपा के प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता का दायित्व है कि वह केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी और विकासात्मक योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाए तथा पात्र लोगों को इनका लाभ लेने के लिए प्रेरित करे।
रविवार को विकासखंड सभागार देवाल में आयोजित बैठक में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए विधायक टम्टा ने कहा कि सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोग उनका लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि रोजगारपरक, विकासात्मक तथा जनहित से जुड़ी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
बैठक के दौरान विधायक ने विकासखंड देवाल में संचालित विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी कार्यकर्ताओं से प्राप्त की। साथ ही क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन भी दिया।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष उमेश मिश्रा, ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत सहित अन्य वक्ताओं ने विकासखंड में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी और विभिन्न स्थानीय मुद्दों को विधायक के समक्ष रखा।
बैठक में मंडल महामंत्री नरेंद्र सिंह बागड़ी, दर्शन सिंह, विधायक प्रतिनिधि सुरेंद्र सिंह बिष्ट, गणेश मिश्रा, किसान मोर्चा अध्यक्ष धीरेंद्र बिष्ट, युवा मोर्चा अध्यक्ष विनायक मिश्रा, अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष राजेंद्र टम्टा, रमेश गड़िया, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पुष्कर सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
