प्राणमती नदी पर बैलीब्रिज निर्माण की राह हुई आसान, एप्रोच रोड का कार्य पूरा
थराली, 15 जून (हरेंद्र बिष्ट)। प्राणमती नदी पर प्रस्तावित बैलीब्रिज तक पहुंच मार्ग (एप्रोच रोड) का निर्माण कार्य आखिरकार पूरा हो गया है। इससे थराली, सूना, सुनाऊं तल्ला, पैनगढ़ और पैठाणी सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
गौरतलब है कि थराली-सूना मोटर मार्ग पर प्राणमती नदी पर बना स्थायी मोटर पुल वर्ष 2013 की आपदा में बह गया था। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने वर्ष 2023 में यहां बैलीब्रिज का निर्माण कराया, लेकिन वर्ष 2024 की आपदा में वह भी नदी के तेज बहाव की भेंट चढ़ गया।
इसके बाद लोक निर्माण विभाग थराली ने इसी स्थान पर पुनः बैलीब्रिज निर्माण का कार्य शुरू किया, किंतु निर्माणाधीन पुल भारी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हो गया। नदी के बहाव और चौड़ाई (स्पैन) में वृद्धि होने के कारण विभाग और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पुराने स्थल के बजाय नदी के ऊपरी हिस्से में स्थित देवकुना क्षेत्र में नया बैलीब्रिज बनाने का निर्णय लिया।
हालांकि, देवकुना के कुछ ग्रामीणों ने प्रारंभ में अपनी निजी भूमि एप्रोच रोड के लिए देने से इनकार कर दिया। प्रशासन, लोक निर्माण विभाग और जनप्रतिनिधियों द्वारा कई दौर की वार्ता के बावजूद सहमति नहीं बन सकी, जिसके कारण पिछले पांच-छह महीनों से परियोजना का कार्य ठप पड़ा रहा।
स्थिति को देखते हुए क्षेत्रीय जनता की मांग पर थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने हस्तक्षेप किया। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें सड़क निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने के लिए तैयार किया। विधायक के प्रयासों के बाद ग्रामीणों ने सहमति दे दी, जिससे परियोजना का रास्ता साफ हो गया।
गत शनिवार को विधायक भूपाल राम टम्टा ने एप्रोच रोड निर्माण कार्य का भूमि पूजन कर कार्य का शुभारंभ कराया। लोक निर्माण विभाग थराली के अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा ने बताया कि उसी दिन से जेसीबी मशीनों की सहायता से पहुंच मार्ग का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया था और सोमवार देर शाम तक प्रथम चरण का कार्य पूरा कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि 45 मीटर लंबे प्रस्तावित बैलीब्रिज के लिए नदी के दोनों ओर लगभग 700 मीटर एप्रोच रोड का निर्माण किया जाना है। वर्तमान में नदी के इस पार बैलीब्रिज स्थल से देवकुना तक लगभग 250 मीटर सड़क का निर्माण पूरा कर लिया गया है।
अधिशासी अभियंता ने कहा कि अब शीघ्र ही बैलीब्रिज को जोड़ने का कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बैलीब्रिज के सभी आवश्यक पुर्जे (पार्ट्स) निर्माण स्थल पर पहुंच चुके हैं और अगले चरण के कार्य की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ग्रामीणों को उम्मीद है कि बैलीब्रिज बनने के बाद क्षेत्र की वर्षों पुरानी यातायात समस्या का समाधान हो सकेगा।
