धर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

बदरीनाथ धाम में वेदपाठियों के रिक्त पदों पर नियुक्ति में विलंब से अभ्यर्थियों में रोष

 

ज्योतिर्मठ, 17 जून (कपरुवाण)। विश्व प्रसिद्ध  बदरीनाथ धाम की पूजा-पद्धति में मुख्य पुजारी रावल के साथ धर्माधिकारी और वेदपाठियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। बावजूद इसके, वर्ष 2012 से 2022 के बीच रिक्त हुए धर्माधिकारी सहित वेदपाठियों के चार पद आज तक नहीं भरे जा सके हैं। इसको लेकर अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों में भारी नाराजगी व्याप्त है।
अभ्यर्थियों का आरोप है कि बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने वर्ष 2018 और 2023 में भी इन पदों के लिए विज्ञप्तियां जारी की थीं, लेकिन प्राप्त आवेदनों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद समिति ने 8 अगस्त 2024 को पुनः वेदपाठी के चार रिक्त पदों के लिए विज्ञप्ति जारी कर आवेदन आमंत्रित किए थे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रदेशभर के अभ्यर्थियों ने 30 अगस्त 2024 तक अपने वैदिक एवं शैक्षिक प्रमाण-पत्र जमा कर दिए थे।
अभ्यर्थियों के अनुसार, उक्त विज्ञप्ति तथा बीकेटीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर साक्षात्कार की संभावित तिथि 24 सितंबर 2024 अंकित थी, लेकिन लगभग दो वर्ष बीत जाने के बाद भी न तो साक्षात्कार आयोजित किया गया और न ही नियुक्ति प्रक्रिया की प्रगति के संबंध में कोई जानकारी अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराई गई।
नियुक्ति प्रक्रिया में हो रही देरी को लेकर अभ्यर्थियों ने बीकेटीसी अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और मुख्य कार्याधिकारी को सामूहिक पत्र भेजे। मंदिर समिति स्तर पर कोई कार्रवाई न होने पर उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में भी शिकायत दर्ज कराई। अभ्यर्थियों का कहना है कि वहां से भी संतोषजनक उत्तर नहीं मिला। अब अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों ने आंदोलन करने तथा न्यायालय की शरण लेने का मन बना लिया है।
इस संबंध में अभ्यर्थियों ने बीकेटीसी मुख्यालय, जोशीमठ-ज्योतिर्मठ में मुख्य कार्याधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर नियुक्ति प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की है। ज्ञापन की प्रतियां बीकेटीसी अध्यक्ष, दोनों उपाध्यक्षों, मुख्य सचिव, धर्मस्व सचिव तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को भी प्रेषित की गई हैं।
ज्ञापन पर अतुल डिमरी, सुधाकर उनियाल, प्रांशु सती, पूर्णानंद जोशी, सौरभ कोठियाल, प्रशांत डिमरी, कृष्णा पंत, रूपेश जोशी, शशिभूषण नौटियाल, हिमांशु बहुगुणा, चंद्रमणि पांडे तथा आशीष किमोठी सहित अन्य अभ्यर्थियों के हस्ताक्षर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!