विश्व योग दिवस पर देवाल में युवा मैराथन दौड़, कैल गांव के धावकों का रहा दबदबा

थराली, 21 जून (हरेंद्र बिष्ट)। विश्व योग दिवस के अवसर पर विकासखंड देवाल में महिला एवं पुरुष वर्ग की ओपन युवा मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कैल गांव के धावकों का दबदबा देखने को मिला।
युवा मैराथन दौड़ के मुख्य आयोजक ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत तथा संयोजक माइकल मेहरा ने बताया कि रविवार सुबह 7 बजे देवाल मुख्य बाजार से विभिन्न वर्गों की मैराथन दौड़ों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। महिला वर्ग की दौड़ को कनिष्ठ प्रमुख पिंकी देवी, ओपन पुरुष वर्ग की दौड़ को क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिक गोविंद सिंह पांगती तथा अंडर-18 बालक वर्ग की दौड़ को भाजपा जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र बिष्ट ने रवाना किया।
दौड़ देवाल बाजार से पदमल्ला तक और वहां से वापस देवाल बाजार तक आयोजित की गई। महिला वर्ग में उलंग्रा गांव की प्रिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कैल गांव की आंशका और वैशाली ने क्रमशः द्वितीय एवं तृतीय स्थान हासिल किया।
ओपन पुरुष वर्ग में कैल गांव के धावकों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी शीर्ष स्थानों पर कब्जा जमाया। कमलेश मिश्रा प्रथम, हेमंत मिश्रा द्वितीय तथा कार्तिक मिश्रा तृतीय स्थान पर रहे। अंडर-18 वर्ग में भी कैल के कार्तिक मिश्रा ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि बलाण के देवेंद्र द्वितीय और फल्दियागांव के रविंद्र तृतीय स्थान पर रहे।
तीनों वर्गों के विजेताओं को क्रमशः 15 हजार, 10 हजार एवं 5 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्य ज्येष्ठ प्रमुख दीपक गड़िया, यशवंत मेहरा, शंकर सिंह गड़िया, लखपत परिहार, सोनू गड़िया, मुकेश बिष्ट, अजय रावत, संदीप बिष्ट, धर्मेंद्र बिष्ट, इंद्र सिंह बिष्ट, अध्यापक जयवीर खत्री, जितेंद्र बिष्ट, सुदर्शन गड़िया सहित अनेक लोगों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
