गौचर के निकट जंगल में सेना का ड्रोन दुर्घटनाग्रस्त, आबादी से दूर गिरने से टला बड़ा हादसा
गौचर, 26 जून (गुसाईं)। गौचर क्षेत्र के निकट बिजराकोट गांव के जंगल में गुरुवार दोपहर सेना का एक ड्रोन दुर्घटनाग्रस्त होकर गिर गया। ड्रोन आबादी वाले क्षेत्र में गिरने के बजाय जंगल में जा गिरा, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना से कुछ समय पहले यह ड्रोन ककोड़ाखाल गांव के ऊपर से होकर गुजरा था, जहां एक सगाई समारोह में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सेना का ड्रोन ट्रायल उड़ान पर था। दोपहर करीब दो बजे बिजराकोट क्षेत्र के ऊपर उड़ान भरते समय वह अचानक नियंत्रण खो बैठा और चीड़ के पेड़ों से टकराकर जंगल में गिर गया। दुर्घटना के समय तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिससे आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़ पड़े।
ककोड़ाखाल निवासी पप्पू बिष्ट ने बताया कि घटना के बाद सबसे पहले गौचर स्थित भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) की 8वीं वाहिनी को सूचना दी गई, लेकिन उन्होंने ड्रोन अपना होने से इनकार कर दिया। इसके बाद रुद्रप्रयाग में तैनात सेना से संपर्क किया गया, जहां से ड्रोन सेना का होने की पुष्टि की गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर ड्रोन के रिमोट कंट्रोल सिस्टम में आई तकनीकी खराबी को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। हालांकि सेना की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि ड्रोन जंगल के बजाय आबादी वाले क्षेत्र या सगाई समारोह के निकट गिरता, तो गंभीर जनहानि हो सकती थी। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बना रहा।
