पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं के खिलाफ कांग्रेस का 40 दिवसीय जनजागरण अभियान शुरू
देहरादून, 29 जून। देशभर में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक, परीक्षा अनियमितताओं और शिक्षा व्यवस्था में बढ़ते भ्रष्टाचार के विरोध में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए 40 दिवसीय राष्ट्रव्यापी जनजागरण अभियान शुरू किया है। अभियान के पहले चरण के लिए देश के 28 प्रमुख शहरों का चयन किया गया है, जिनमें देहरादून भी शामिल है। अभियान के तहत व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं और छात्रों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत 1 अगस्त को राष्ट्रव्यापी सत्याग्रह तथा 9 अगस्त को “दिल्ली चलो-संसद घेराव” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें देशभर से युवा और छात्र भाग लेंगे। इससे पहले 24 जून को कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने 28 शहरों में संयुक्त प्रेस वार्ताओं के माध्यम से अभियान की शुरुआत की थी।

देहरादून अभियान का संयोजन पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष सुमित्रा भुल्लर को सौंपा गया है, जबकि राष्ट्रीय संचार सचिव वैभव वालिया और महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला समन्वय की जिम्मेदारी निभाएंगे। अभियान के संचालन के लिए विभिन्न विभागों और प्रकोष्ठों के प्रतिनिधियों को शामिल करते हुए 50 सदस्यीय एक्शन टीम का गठन किया गया है।
इसी क्रम में सोमवार को कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में एक्शन टीम के सदस्यों का प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। बैठक में आगामी 40 दिनों की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके तहत कॉर्नर मीटिंग, पंपलेट वितरण, युवा संवाद, संविधान संवाद, कवि सम्मेलन, मुशायरा तथा सप्ताहांत में बड़े युवा कार्यक्रम आयोजित करने की रणनीति तय की गई।
प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए वैभव वालिया ने कहा कि देश के युवाओं के सामने केवल बेरोजगारी ही नहीं, बल्कि परीक्षा प्रणाली पर से उठता विश्वास भी एक गंभीर चुनौती बन गया है। उन्होंने कहा कि वर्षों की मेहनत के बाद जब पेपर लीक होते हैं या परीक्षाएं निरस्त होती हैं, तो लाखों युवाओं के सपने टूट जाते हैं।
बैठक में शिक्षा व्यवस्था में बढ़ते भ्रष्टाचार और नकल माफिया पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा गया कि गुणवत्तापूर्ण एवं सस्ती शिक्षा प्रत्येक विद्यार्थी का अधिकार है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी ऐसी शिक्षा व्यवस्था की पक्षधर है, जो युवाओं को समान अवसर, सम्मान और भरोसा प्रदान करे।
बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने तथा अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचने का संकल्प लिया। समापन पर ज्योति रौतेला ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए अभियान को पूरी ऊर्जा के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अनुसूचित विभाग के राष्ट्रीय संयोजक नानकचंद, मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी, अशोक राणा, संजय किशोर, जसविंदर गोगी, मोहित उनियाल, विनीत प्रसाद बंटू, ओमप्रकाश सती, अभिनव थापर, मदनलाल, आशीष सैनी, निधि नेगी, पूनम सिंह सहित विभिन्न विभागों के 50 सदस्य उपस्थित रहे।
