यूजेवीएन बोर्ड ने 2026-27 के बजट को दी मंजूरी, प्रमुख जलविद्युत और पंप्ड स्टोरेज परियोजनाओं को मिली रफ्ता
देहरादून, 2 जुलाई। यूजेवीएन लिमिटेड के निदेशक मंडल की बैठक गुरुवार को मुख्य सचिव एवं यूजेवीएन के अध्यक्ष आनंदवर्धन की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। साथ ही राज्य की महत्वपूर्ण जलविद्युत एवं पंप्ड स्टोरेज परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए।
प्रबंध निदेशक के रूप में स्थायी पदभार ग्रहण करने के बाद अजय कुमार सिंह ने पहली बार निदेशक मंडल की बैठक में भाग लिया। इस अवसर पर अध्यक्ष आनंदवर्धन सहित सभी निदेशकों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
बैठक में उपनल के माध्यम से कार्यरत कार्मिकों को राज्य सरकार के शासनादेश के अनुरूप “समान कार्य के लिए समान वेतन” का लाभ देने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
ऊर्जा क्षेत्र की प्रमुख परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए बोर्ड ने 81 मेगावाट क्षमता की आराकोट-त्यूणी जलविद्युत परियोजना तथा 600 मेगावाट क्षमता की इच्छाड़ी पंप्ड स्टोरेज परियोजना के प्रथम चरण से संबंधित सभी आवश्यक स्वीकृतियां शीघ्र प्राप्त करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
इसके अलावा 300 मेगावाट क्षमता की लखवाड़ बहुद्देशीय परियोजना में शीयर जोन उपचार से जुड़े अतिरिक्त कार्यों के लिए वित्तीय स्वीकृति भी प्रदान की गई। उत्तराखंड सिंचाई विभाग से हस्तांतरित सौंग पंप्ड स्टोरेज परियोजना की सभी आवश्यक औपचारिक स्वीकृतियां जल्द प्राप्त करने के निर्देश भी दिए गए।
बोर्ड ने लखवाड़ बहुद्देशीय परियोजना की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से वहां केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की तैनाती के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी।
बैठक में प्रमुख सचिव ऊर्जा डॉ. आर. मीनाक्षीसुंदरम, स्वतंत्र निदेशक इंदू कुमार पांडे, बी.पी. पांडे और पराग गुप्ता, अपर सचिव वित्त गंगा प्रसाद, प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह, निदेशक (परियोजनाएं) सुरेश चंद्र बलूनी, अधिशासी निदेशक सुधाकर बडोनी, राजीव अग्रवाल, आशीष जैन, जी.एस. बुदियाल तथा यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
