Front Page

छत्तीसगढ़ के पत्रकारों से मिले मुख्यमंत्री, बोले- उत्तराखंड विकास और विरासत का बना संतुलित मॉडल

देहरादून, 3 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में छत्तीसगढ़ से आए 20 से अधिक पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पत्रकारों का देवभूमि उत्तराखंड में स्वागत करते हुए कहा कि राज्य केवल प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि तीव्र गति से विकास के नए आयाम स्थापित करने वाला प्रदेश भी बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, हिमालयी सभ्यता और धार्मिक परंपराएं इसे देश-दुनिया में विशिष्ट पहचान दिलाती हैं। चारधाम, पंचकेदार, पंचबदरी, पंचप्रयाग, हेमकुंड साहिब, जागेश्वर, पूर्णागिरि, आदि कैलाश और ओम पर्वत जैसे तीर्थस्थल करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार धार्मिक पर्यटन के साथ साहसिक, ईको, वेलनेस, ग्रामीण और होमस्टे आधारित पर्यटन को भी बढ़ावा दे रही है।
धामी ने बताया कि पिछले चार वर्षों में राज्य में 25 करोड़ से अधिक पर्यटक और श्रद्धालु पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री की आदि कैलाश यात्रा के बाद सीमांत क्षेत्रों को वैश्विक पहचान मिली है, जिससे वहां पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि सरकार उत्तराखंड को वर्षभर पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने के लिए कार्य कर रही है तथा शीतकालीन यात्रा को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत व्यापक पुनर्विकास कार्य किए जा रहे हैं। साथ ही सड़क, रेल और हवाई संपर्क का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे जैसी परियोजनाओं के पूरा होने से पर्यटन और निवेश को नई गति मिलेगी। उन्होंने सीमांत क्षेत्रों में सड़क, पुल, स्वास्थ्य, शिक्षा, संचार और पेयजल जैसी आधारभूत सुविधाओं के विस्तार का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता, निवेश, उद्योग, महिला सशक्तीकरण, कौशल विकास और ग्रामीण विकास के क्षेत्रों में लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने पत्रकारों को लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ बताते हुए विश्वास जताया कि वे उत्तराखंड की विकास यात्रा और सांस्कृतिक विरासत को देशभर तक पहुंचाएंगे। उन्होंने छत्तीसगढ़वासियों को आगामी कुंभ मेले में देवभूमि उत्तराखंड आने का भी आमंत्रण दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए राज्य में हो रहे विकास कार्यों, बेहतर आधारभूत संरचना और पर्यटन क्षेत्र में हुए बदलावों की सराहना की। इस अवसर पर सचिव विनय शंकर पांडेय, अपर सचिव बंशीधर तिवारी तथा अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!