राजनीति

बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की चोरी पर कांग्रेस का प्रदर्शन, बीकेटीसी भंग करने की मांग

ज्योतिर्मठ, 6 जुलाई (कपरुवाण)। बदरीनाथ के विधायक लखपत बुटोला ने आरोप लगाया कि पिछले दस वर्षों से प्रदेश की जनता को लूट रही भाजपा सरकार अब मंदिरों को भी नहीं छोड़ रही है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की जनता भाजपा के इस “घृणित महापाप” को कभी माफ नहीं करेगी।
नगर पालिका सभागार, ज्योतिर्मठ में जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश डिमरी की अध्यक्षता तथा नगर कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश नेगी के संचालन में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए विधायक बुटोला ने कहा कि प्रदेश सरकार पहले जनता का शोषण करती रही और अब आस्था के केंद्र मंदिरों में चढ़ावे में कथित अनियमितताओं के आरोप सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस कृत्य को भगवान बदरी विशाल भी कभी क्षमा नहीं करेंगे।
बैठक में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दिगंबर बिष्ट ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
बैठक के बाद विधायक लखपत बुटोला के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चौराहे पर बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी का पुतला दहन किया। इसके बाद उपजिलाधिकारी (एसडीएम) के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर बदरी-केदार मंदिर समिति को भंग करने तथा बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे की कथित चोरी की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
इस दौरान दर्जनों लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता भी ग्रहण की।
बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह रावत, एससी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सूरज सैलानी, ब्लॉक प्रमुख अनूप नेगी, प्रधान संघ अध्यक्ष मोहन लाल बजवाल, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम फर्स्वाण, एससी प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मी लाल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमल रतूड़ी, रामेश्वर थपलियाल, कनिष्ठ प्रमुख नरेश चंद्र, कांग्रेस आईटी सेल के प्रदेश महासचिव सतीश डिमरी, व्यापार संघ अध्यक्ष नैन सिंह भंडारी, नगर पालिका ज्योतिर्मठ के कांग्रेस समर्थित सभासद, ग्राम प्रधान तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!