कांवड़ यात्रा-2026: मुख्य सचिव ने तैयारियों की समीक्षा, सभी विभागों को समयबद्ध व्यवस्था के निर्देश
देहरादून, 6 जुलाई । मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने सोमवार को सचिवालय में 30 जुलाई से प्रारंभ होने वाली कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों, जनपदों के जिलाधिकारियों तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु यातायात, स्वच्छता, स्वास्थ्य सुविधाओं और कानून-व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए।
बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि 30 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाले कांवड़ मेले के लिए रूट प्लान और भीड़ प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विशेष रूप से 31 जुलाई से 4 अगस्त तक पंचक काल के दौरान अत्यधिक भीड़ रहने की संभावना जताते हुए अतिरिक्त तैयारियां करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की संभावित संख्या को देखते हुए कांवड़ पटरियों और प्रमुख पड़ाव स्थलों पर पर्याप्त पेयजल, मोबाइल शौचालय, विश्राम स्थलों तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही नियमित कूड़ा उठान, अपशिष्ट निस्तारण, कीटनाशक छिड़काव, फॉगिंग तथा मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
मुख्य सचिव ने यात्रा मार्ग पर अस्थायी सेक्टर चिकित्सालय, प्राथमिक उपचार केंद्र, बीएलएस एंबुलेंस, बाइक एंबुलेंस तथा अन्य आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार रहे।
उन्होंने हरिद्वार में आने वाले वाहनों की पार्किंग व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पार्किंग स्थलों की मरम्मत एवं विस्तार कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग एवं कांवड़ यात्रा मार्गों पर आवश्यक बैरिकेडिंग, सड़क मरम्मत, साफ-सफाई तथा अन्य आधारभूत कार्य समय पर पूर्ण करने को कहा।
मुख्य सचिव ने यूपीसीएल को यात्रा मार्गों का पावर सप्लाई ऑडिट कराने तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने भविष्य को ध्यान में रखते हुए यात्रा मार्गों पर स्थायी विद्युत व्यवस्था विकसित करने पर भी जोर दिया।
खाद्य सुरक्षा के संबंध में उन्होंने खाद्य पदार्थों की नियमित जांच एवं सैंपलिंग के लिए विशेष टीमों का गठन करने के निर्देश दिए। स्थायी एवं अस्थायी खाद्य स्टॉल, धार्मिक भंडारे, होटल, ढाबे, रेस्तरां, दुकानों, आपूर्ति वाहनों तथा दुग्ध उत्पाद विक्रेताओं का नियमित निरीक्षण एवं नमूना परीक्षण सुनिश्चित करने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।
मुख्य सचिव ने कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने पड़ोसी राज्यों के साथ शीघ्र अंतरराज्यीय समन्वय बैठक आयोजित कर आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने को भी कहा, जिससे यात्रा का संचालन सुचारु एवं सुरक्षित ढंग से किया जा सके।
बैठक में सचिव श्री शैलेश बगौली, श्री नितेश कुमार झा, श्री विनोद कुमार सुमन, श्री धीरज गर्ब्याल, अपर सचिव श्रीमती रीना जोशी, गढ़वाल आयुक्त श्री आनन्द स्वरूप, हरिद्वार के जिलाधिकारी श्री मयूर दीक्षित, देहरादून के जिलाधिकारी श्री आशीष चौहान, पौड़ी की जिलाधिकारी श्रीमती स्वाति एस. भदौरिया, टिहरी की जिलाधिकारी श्रीमती नीतिका खंडेलवाल सहित संबंधित जनपदों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
