Front Page

अर्धकुंभ मेला-2027: प्रमुख मंदिरों तक पैदल मार्गों व फुटपाथों के निर्माण का मेलाधिकारी ने किया निरीक्षण

गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य पूरा करने के दिए निर्देश

हरिद्वार, 7 जुलाई। अर्धकुंभ मेला-2027 की तैयारियों को गति देते हुए हरिद्वार के प्रमुख मंदिरों तक श्रद्धालुओं के सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक आवागमन के लिए पैदल मार्गों तथा फुटपाथों के निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य तेज़ी से चल रहा है। इन परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लेने के लिए मेलाधिकारी सोनिका ने सोमवार को विभिन्न निर्माणाधीन स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
मेलाधिकारी ने कहा कि अर्धकुंभ मेला-2027 में करोड़ों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सुरक्षित एवं व्यवस्थित पैदल आवागमन सुनिश्चित करना राज्य सरकार और मेला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को स्थायी और बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिल सकें।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने भगत सिंह चौक से बिल्केश्वर महादेव मंदिर होते हुए मनसा देवी मंदिर तक जाने वाले पैदल मार्ग का निरीक्षण किया। मार्ग के चौड़ीकरण, मरम्मत और सुदृढ़ीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरे किए जाएं। उन्होंने निर्माणाधीन फुटपाथों की गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया और आवश्यक तकनीकी सुधार सुनिश्चित करने को कहा।
मनसा देवी मंदिर तक पहुंचने वाले मार्गों एवं सीढ़ियों का निरीक्षण करते हुए मेलाधिकारी ने जहां भी मरम्मत या सुधार की आवश्यकता हो, वहां तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों में श्रद्धालुओं की सुरक्षित निकासी के लिए प्रस्तावित वैकल्पिक मार्ग का भी निरीक्षण किया तथा अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि अर्धकुंभ जैसे विशाल आयोजन में प्रभावी भीड़ एवं आपदा प्रबंधन के लिए वैकल्पिक निकासी मार्गों का विकास अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वर्तमान में चल रहे पैदल मार्ग एवं फुटपाथ निर्माण कार्य आगामी कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले पूरे कर लिए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। जिन क्षेत्रों में कांवड़ यात्रा के कारण कार्य प्रारंभ नहीं हो सकते, वहां यात्रा समाप्त होते ही निर्माण कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके बाद मेलाधिकारी ने अपर रोड क्षेत्र का भ्रमण कर वहां चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने गलियों के सुधार, पैदल आवागमन को अधिक सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाने, क्षेत्र के सौंदर्यीकरण तथा अन्य नागरिक सुविधाओं के विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, मेला अधिष्ठान के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार, कार्यक्रम क्रियान्वयन इकाई के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुश सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अभियंता मौजूद रहे।

 

2,800 लाख रुपये से अधिक की परियोजनाओं पर तेजी से काम

अर्धकुंभ मेला-2027 को दिव्य एवं भव्य बनाने के उद्देश्य से श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए लगभग ₹3,215 लाख (32.15 करोड़ रुपये) की विभिन्न अवस्थापना परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। प्रमुख परियोजनाएं इस प्रकार हैं—
चंडी देवी मंदिर पहुंच मार्ग एवं तीर्थयात्री सुविधाएं (प्रथम चरण) – ₹353.00 लाख
मनसा देवी मंदिर (रूट-1 एवं रूट-2) पहुंच मार्ग एवं सुविधाएं – ₹218.97 लाख
हर की पैड़ी से प्रमुख मंदिरों तक पैदल-अनुकूल फुटपाथ निर्माण – ₹784.05 लाख
बंगाली मोड़–झंडा चौक–श्रीयंत्र मंदिर–बूढ़ी माता मंदिर मार्ग का नवीनीकरण एवं फुटपाथ निर्माण – ₹394.19 लाख
शंकराचार्य चौक, देवपुरा चौक, चन्द्राचार्य चौक, आर्यनगर चौक एवं गुगाल मंदिर मार्ग का नवीनीकरण एवं फुटपाथ निर्माण – ₹644.48 लाख
शंकराचार्य चौक से कनखल थाना होते हुए देशरक्षक तिराहे तक मार्ग का नवीनीकरण एवं फुटपाथ निर्माण – ₹393.06 लाख
ज्वालापुर–ललताराव–चंडीघाट मार्ग का नवीनीकरण एवं फुटपाथ निर्माण – ₹427.26 लाख
इन परियोजनाओं के पूरा होने पर श्रद्धालुओं को चंडी देवी, मनसा देवी, हर की पैड़ी तथा अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों तक सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित पैदल आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही अर्धकुंभ मेला-2027 के दौरान भीड़ प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने और हरिद्वार के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने में भी इन परियोजनाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!