पर्यावरण

शिक्षा मंत्री ने ‘बीज बम’ अभियान की शुरुआत की

देहरादून, 12 जुलाई। विद्यालयी शिक्षा एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने रविवार को वर्चुअल माध्यम से ‘बीज बम’ अभियान की शुरुआत की। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय फलदार वृक्षों के संवर्धन और वन्यजीव-मानव संघर्ष को कम करने के लिए जनजागरूकता बढ़ाना है।
कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रदेश के 1,050 से अधिक विद्यालयों में किया गया, जिसमें एक लाख से अधिक छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने भाग लिया।
डॉ. रावत ने कहा कि यह अभियान राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की भावना के अनुरूप है और विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा नेतृत्व क्षमता विकसित करने में सहायक होगा। उन्होंने प्रत्येक विद्यार्थी से कम से कम दो बीज बम तैयार कर उन्हें उपयुक्त स्थानों पर डालने की अपील की।
उन्होंने निर्देश दिए कि 16 जुलाई को हरेला पर्व के अवसर पर शिक्षा विभाग के सभी कार्यालयों, विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में ‘बीज बम’ अभियान व्यापक स्तर पर चलाया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में वृक्षारोपण अभियान के तहत स्थानीय प्रजातियों के फलदार वृक्षों के बीजों को प्राथमिकता दी जाएगी।
कार्यक्रम में माध्यमिक शिक्षा निदेशक विनोद सेमल्टी, बेसिक शिक्षा निदेशक कुंवर सिंह रावत, मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून गोविंद जायसवाल सहित शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!