पर्यावरण

हरेला सप्ताह : 130 इन्फैंट्री बटालियन ने सुवाकोट में लगाए 10 हजार पौधे


पिथौरागढ़, 13 जुलाई। हरेला उत्सव सप्ताह के तहत 130 इन्फैंट्री बटालियन (टेरिटोरियल आर्मी) इकोलॉजिकल कुमाऊं की पंचाचूली कंपनी ने सोमवार को वड्डा के निकट सुवाकोट क्षेत्र में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया। अभियान के दौरान स्थानीय ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और अन्य समुदाय के लोगों के सहयोग से 10 हजार पौधों का रोपण किया गया।

बटालियन के अनुसार हरेला विशेष वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत अब तक 50 हजार पौधे लगाए जा चुके हैं। यह उपलब्धि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित आठ लाख पौधों के वार्षिक लक्ष्य के अतिरिक्त है। हरेला सप्ताह के तहत शेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आगामी दिनों में भी जारी रहेंगे।


बटालियन का उद्देश्य क्षेत्र में हरित आवरण बढ़ाना, संवेदनशील हिमालयी पारिस्थितिकी तंत्र का संरक्षण, मृदा अपरदन की रोकथाम तथा पर्यावरणीय संतुलन को मजबूत करना है। अभियान के माध्यम से लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सामुदायिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने का भी प्रयास किया जा रहा है।

इस अवसर पर बटालियन के अधिकारियों ने स्थानीय ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और सभी सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित, स्वस्थ और टिकाऊ भविष्य की मजबूत नींव है।

बटालियन ने बताया कि हरेला वृक्षारोपण अभियान का समापन 16 जुलाई को एक भव्य पौधरोपण कार्यक्रम के साथ होगा, जो पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति उसके संकल्प को और मजबूत करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!