क्षेत्रीय समाचार

इंटर कॉलेज देवाल में शिक्षक-अभिभावक संघ का गठन, नरेंद्र सिंह बिष्ट बने अध्यक्ष

थराली/देवाल, 13 जुलाई (हरेन्द्र बिष्ट)। अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, देवाल में शिक्षक-अभिभावक संघ (पीटीए) का गठन किया गया। सर्वसम्मति से नरेंद्र सिंह बिष्ट को संघ का अध्यक्ष तथा विद्यालय के प्रवक्ता के.एस. बिष्ट को पदेन सचिव चुना गया। बैठक में विद्यालय की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करते हुए उनके शीघ्र समाधान के लिए प्रस्ताव भी पारित किए गए।
गठन बैठक में निवर्तमान अध्यक्ष रमेश गड़िया ने अध्यक्ष पद के लिए नरेंद्र सिंह बिष्ट के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका अभिभावक देव सिंह भंडारी ने समर्थन किया। इसके बाद सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।
नई कार्यकारिणी में प्रधानाचार्य प्रताप सिंह रावत को पदेन उपाध्यक्ष, के.एस. बिष्ट को पदेन सचिव, दिलमणी जोशी को उप सचिव, नागेंद्र कुमार शर्मा को कोषाध्यक्ष तथा सुरेंद्र बिष्ट को आय-व्यय निरीक्षक चुना गया। इसके अलावा प्रवक्ता बी.सी. जुयाल, कुलदीप कुमार और बी.सी. पंत को शिक्षक सदस्य बनाया गया। साथ ही 16 सक्रिय सदस्यों का भी चयन किया गया।
बैठक में विद्यालय परिसर के चारों ओर सुरक्षा दीवार के निर्माण के लिए प्रयास तेज करने तथा परिसर की नियमित साफ-सफाई के लिए एक कर्मचारी की तैनाती की मांग का सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष नरेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि विद्यालय की सभी समस्याओं के समाधान के लिए शिक्षक, अभिभावक और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से सामूहिक प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने सभी से शिक्षा के बेहतर वातावरण के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!