पोखरी में बहुउद्देशीय जनकल्याण शिविर, 268 लोगों ने किया प्रतिभाग; 115 लाभार्थी हुए लाभान्वित
पोखरी, 13 जुलाई (राणा)। सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को राजकीय इंटर कॉलेज पोगठा में बहुउद्देशीय जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 268 लोगों ने प्रतिभाग किया, जबकि विभिन्न विभागों की योजनाओं से 115 पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। साथ ही विभिन्न विभागों से संबंधित सात शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
मुख्य अतिथि उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री दर्जा) प्रेम सिंह राणा ने अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध ढंग से पहुंचे।
उपजिलाधिकारी अलकेश नौटियाल ने कहा कि शिविरों का उद्देश्य विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ ही पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़ा पूरी तरह जनसेवा को समर्पित है और लोगों को अपनी समस्याएं बिना संकोच प्रशासन के समक्ष रखनी चाहिए।
खंड विकास अधिकारी शिव सिंह भंडारी ने ग्रामीणों से ऐसे शिविरों में अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। शिविर में कृषि, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, राजस्व, बाल विकास, श्रम, पशुपालन, उद्यान, विद्युत, पेयजल एवं महिला सशक्तिकरण सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी।
विभागवार लाभार्थियों में कृषि विभाग से 24, उद्यान विभाग से 12, समाज कल्याण विभाग से 34, बाल विकास विभाग से दो तथा विकासखंड कार्यालय के माध्यम से 16 लाभार्थी शामिल रहे। अन्य विभागों ने भी पात्र लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया।
शिविर के समापन पर मुख्य अतिथि प्रेम सिंह राणा, उपजिलाधिकारी अलकेश नौटियाल, वन क्षेत्राधिकारी बी.एल. शाह, वन क्षेत्राधिकारी कपिल गुसाईं तथा जनप्रतिनिधियों ने राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में देवदार सहित विभिन्न छायादार प्रजातियों के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख राजी देवी, जिला पंचायत सदस्य बीरेंद्र सिंह राणा, ग्राम प्रधान रेशमा देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य आशा देवी, तहसीलदार रामकिशोर ध्यानी, नोडल अधिकारी एवं ग्राम्य विकास विभाग के अधिशासी अभियंता शुभम नेगी, सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रियम गुप्ता, उप शिक्षा अधिकारी नेहा भट्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन देवेंद्र नौटियाल ने किया।
