राहुल गांधी ने जारी किया ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का आधिकारिक एंथम
देहरादून, 16 जुलाई। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने 17 जुलाई को देहरादून के बन्नू स्कूल मैदान में आयोजित होने वाले “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम का आधिकारिक एंथम जारी किया। कांग्रेस के अनुसार, यह एंथम देशभर के छात्रों और युवाओं में शिक्षा, समान अवसर तथा अन्याय के खिलाफ संघर्ष के प्रति नया उत्साह और विश्वास जगाने का संदेश देता है।
कांग्रेस का कहना है कि “बहुत हुआ, चलो युवा, हाथ से हाथ जोड़ के, अन्याय का घड़ा फोड़ के…” जैसे गीत के बोल केवल एक एंथम नहीं, बल्कि उन करोड़ों युवाओं की भावनाओं की अभिव्यक्ति हैं, जो शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्षता और अपने भविष्य की सुरक्षा की मांग कर रहे हैं।

पार्टी के अनुसार, राहुल गांधी का संदेश है कि देश का युवा अब पेपर लीक, बेरोजगारी, शिक्षा में बढ़ती असमानता और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर चुप रहने वाला नहीं है। कांग्रेस का दावा है कि #ShikshaRevolution और #ChhatronKiGoonj इसी परिवर्तनकारी सोच के प्रतीक हैं।
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस ने प्रदेश के छात्रों, युवाओं, अभिभावकों और जागरूक नागरिकों से अपील की है कि वे 17 जुलाई को बन्नू स्कूल मैदान में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शिक्षा, न्याय और युवाओं के सम्मान से जुड़े इस कार्यक्रम में भाग लें।
कांग्रेस ने इसे केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था में बदलाव के संकल्प का प्रतीक बताया है।
