पर्यावरण

हरेला महोत्सव: थराली तहसील में चला वृहद पौधरोपण अभियान

 


थराली, 16 जुलाई (हरेन्द्र बिष्ट)। हरेला महोत्सव के तहत गुरुवार को थराली तहसील क्षेत्र में वृहद स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाया गया। मध्य पिंडर वन रेंज ने अलकनंदा वन परिसर, थराली में विधायक भूपाल राम टम्टा के नेतृत्व में पौधरोपण किया। वहीं अलकनंदा वन रेंज ने धारी, राजकीय महाविद्यालय तलवाड़ी ने अपने परिसर तथा पूर्व पिंडर वन रेंज देवाल ने उलंग्रा गांव में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए। इसके अलावा विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों ने भी क्षेत्रभर में पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

थराली नगर क्षेत्र के राड़ीबगड़ स्थित अलकनंदा वन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विधायक भूपाल राम टम्टा ने कहा कि हरेला उत्तराखंड की समृद्ध लोक परंपरा और संस्कृति का प्रतीक पर्व है। राज्य सरकार पिछले कुछ वर्षों से इसे व्यापक स्तर पर मना रही है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और संवर्धन भी सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। वन एवं पेड़-पौधे समस्त जीव-जंतुओं और मानव जीवन के लिए प्राणदायी हैं, इसलिए प्रत्येक नागरिक को इनके संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए।

वन दरोगा खीमानंद खंडूड़ी ने बताया कि हरेला महोत्सव 16 जुलाई से 15 अगस्त तक मनाया जाएगा। इस अवधि में गांव-गांव में पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि ग्वालदम और थराली क्षेत्र में लगभग 1,300 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इस अवसर पर भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष नरेंद्र भारती, पूर्व अध्यक्ष रणजीत सिंह नेगी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य देवी जोशी, पार्षद दिवाकर नेगी, गंगा सिंह बिष्ट, महामंत्री केदार जोशी, तहसीलदार अक्षय पंकज, वन दरोगा रमेश भंडारी, संजय रावत, मनीषा राणा, सीमा भंडारी, वन आरक्षी राखी गुसाईं, राकेश सिंह, लक्ष्मी प्रसाद जोशी, मनोज रावत, खंडक सिंह बिष्ट, हरीश पुरोहित, बलवीर पटवाल, शशि प्रसाद जोशी सहित अनेक लोगों ने पौधरोपण में सहभागिता की।
राजकीय महाविद्यालय तलवाड़ी में प्रभारी प्राचार्य डॉ. प्रतिभा आर्या के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने परिसर में पौधरोपण किया। इस दौरान डॉ. नीतू पांडे, मीडिया प्रभारी ललित जोशी, अनुज कुमार, रजनीश कुमार, डॉ. पुष्पा रानी, डॉ. सुधा राणा, रजनीश नेगी, मनोज कुमार, डॉ. खेमकरण, डॉ. जमशेद अंसारी, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. कमलेश कुमार, कुशलानंद सती, हुक्म सिंह, नीतीश कुमार, नरेंद्र फर्त्याल, थान सिंह, धीरेन्द्र सिंह, दीपा देवी, गुड्डू सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
अलकनंदा वन रेंज की ओर से देवराड़ा गांव के समीप धारी क्षेत्र में भी वृहद पौधरोपण किया गया। कार्यक्रम में विधायक भूपाल राम टम्टा, रेंजर संतोष बड़वाल, वन कर्मियों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
वहीं, पूर्व पिंडर वन रेंज देवाल द्वारा उलंग्रा गांव में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत, ज्येष्ठ प्रमुख दीपक गड़िया तथा रेंजर मनोज प्रसाद देवराड़ी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में पौधे लगाए और उनकी देखभाल का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!