Uncategorized

हरेला पर पोखरी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर हुआ वृक्षारोपण

पोखरी, 17 जुलाई (राणा)। हरेला पर्व के अवसर पर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नागनाथ पोखरी, थाना पोखरी तथा राजकीय इंटर कॉलेज रडुवा में उत्साहपूर्वक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। तीनों संस्थानों में फलदार एवं छायादार पौधे रोपकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नागनाथ पोखरी में प्राचार्य डॉ. रीटा शर्मा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में प्राध्यापकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने परिसर में पौधरोपण किया।

इस अवसर पर डॉ. शर्मा ने कहा कि हरेला पर्व उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक होने के साथ-साथ प्रकृति संरक्षण का सशक्त संदेश देता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में वैदिक काल से ही प्रकृति के प्रति सम्मान और संरक्षण की भावना रही है। वर्तमान समय में बढ़ते पर्यावरणीय संकट के बीच हरेला का महत्व और अधिक बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि पर्वत, वन और प्राकृतिक संसाधन सुरक्षित रहेंगे तभी मानव जीवन और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य भी सुरक्षित रहेगा। इसलिए प्रकृति का संरक्षण प्रत्येक नागरिक का नैतिक और सामाजिक दायित्व है।


थाना पोखरी में थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार पंत के नेतृत्व में पुलिस कर्मियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। थानाध्यक्ष पंत ने कहा कि हरे-भरे वन स्वस्थ पर्यावरण की आधारशिला हैं। अधिक से अधिक वृक्षारोपण के साथ पौधों का संरक्षण भी समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
वहीं, पीएमश्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज रडुवा में प्रधानाचार्य संजय कुमार के नेतृत्व में शिक्षकों, कर्मचारियों तथा छात्र-छात्राओं ने पौधरोपण किया। प्रधानाचार्य संजय कुमार ने कहा कि भौतिकवाद और तीव्र औद्योगिकीकरण के इस दौर में पर्यावरण का लगातार क्षरण हो रहा है, जिससे प्राकृतिक संतुलन प्रभावित हो रहा है। ऐसे समय में हरेला पर्व का महत्व और बढ़ जाता है। उन्होंने सभी से वृक्ष लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।
तीनों संस्थानों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं, थाना पोखरी के पुलिसकर्मी तथा पीएमश्री विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!