क्षेत्रीय समाचारखेल/मनोरंजन

विश्वविद्यालय स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में तलवाड़ी महाविद्यालय के खिलाड़ियों ने जीते तीन पदक

थराली, 2 नवंबर (हरेन्द्र बिष्ट)। श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय की ओर से हरिद्वार के वंदना कटारिया स्टेडियम में आयोजित विश्वविद्यालय स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आलम सिंह फरस्वाण राजकीय महाविद्यालय, तलवाड़ी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो रजत और एक कांस्य पदक हासिल किया। पदक विजेता खिलाड़ियों को महाविद्यालय में आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया।

विश्वविद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता में तलवाड़ी महाविद्यालय के तीन छात्रों और पांच छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में बीए पंचम सेमेस्टर के छात्र राहुल ने लंबी कूद में रजत पदक हासिल किया। वहीं, 400 मीटर रिले दौड़ में साक्षी, रेणुका, दीपा और नंदी की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता। इसके अलावा बीए प्रथम सेमेस्टर की छात्रा साक्षी ने 400 मीटर बाधा दौड़ में कांस्य पदक प्राप्त कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के गौरव जोशी, दीक्षा रावत और अविनाश कुमार ने भी प्रतिभाग किया।

पदक विजेता खिलाड़ियों के महाविद्यालय पहुंचने पर आयोजित सम्मान समारोह में प्राचार्य डॉ. सेराज मोहम्मद ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर महाविद्यालय के साथ ही पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने खिलाड़ियों से भविष्य में भी इसी उत्साह और लगन के साथ खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेकर नई उपलब्धियां हासिल करने का आह्वान किया। साथ ही अन्य छात्र-छात्राओं से भी पदक विजेताओं की उपलब्धियों से प्रेरणा लेने की अपील की।

महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. ललित जोशी, अभिभावक-शिक्षक संघ के अध्यक्ष विवेक रावत, अधिवक्ता यशपाल सिंह फरस्वाण सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने भी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्रतियोगिता में महाविद्यालय की टीम का नेतृत्व प्रशिक्षक रजनीश कुमार और टीम प्रबंधक डॉ. पुष्पा रानी ने किया। विश्वविद्यालय स्तरीय इस खेलकूद प्रतियोगिता में तलवाड़ी महाविद्यालय सहित गढ़वाल मंडल के 53 महाविद्यालयों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!