Front Page

मुख्यमंत्री धामी ने किया शाइन एवी लर्निंग समावेशी शिक्षा मिशन-2030 लांच

देहरादून, 19 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को राजपुर रोड स्थित एक निजी होटल में शाइन एवी लर्निंग समावेशी शिक्षा मिशन-2030 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए विकसित विजुअल लर्निंग पाठ्यक्रम पर आधारित पुस्तकों और शिक्षण सामग्री का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल शिक्षा को अधिक सरल, प्रभावी और समावेशी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही हैं तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 का उद्देश्य बच्चों में समझ, नवाचार, तार्किक सोच और आत्मविश्वास का विकास करना है, ताकि वे जीवन की चुनौतियों का बेहतर ढंग से सामना कर सकें।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था के आधुनिकीकरण के लिए स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब, पीएम श्री विद्यालय, अटल उत्कृष्ट विद्यालय, डिजिटल शिक्षण सामग्री तथा विज्ञान एवं नवाचार आधारित शिक्षण को बढ़ावा दे रही है। समावेशी शिक्षा के तहत विद्यालयों में रैंप, रेलिंग, सुगम शौचालय, अनुकूलित फर्नीचर और स्वच्छ पेयजल जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में लगभग 5,800 विशेष आवश्यकता वाले बच्चे विभिन्न विद्यालयों में पंजीकृत हैं। राज्य के 11 विशेष विद्यालयों के माध्यम से 1,300 से अधिक बच्चों को विशेष शिक्षण एवं पुनर्वास सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अलावा प्रारंभिक और माध्यमिक स्तर पर 300 से अधिक विशेष शिक्षकों की नियुक्ति की जा चुकी है तथा शेष रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण और समावेशी शिक्षा उपलब्ध कराना है, ताकि वह अपनी क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ सके। उन्होंने कहा कि बच्चों को केवल परीक्षा के लिए नहीं, बल्कि जीवन के लिए तैयार करना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने शिक्षाविद अनीता शर्मा और शाइन एवी लर्निंग की टीम की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने विदेश से लौटकर उत्तराखंड में शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार की पहल की है, जो रिवर्स पलायन का सकारात्मक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि राज्य में कई प्रवासी अपने गांव लौटकर विकास कार्यों में योगदान दे रहे हैं।
कार्यक्रम में विधायक मुन्ना सिंह चौहान, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष धीरेंद्र पंवार सहित अनेक शिक्षाविद और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!