श्रावण मास में महाशिवपुराण कथा सुनने उमड़े श्रद्धालु, रुद्र संहिता का हुआ भावपूर्ण वाचन

पोखरी, 2 अगस्त (राणा)। पुष्करेश्वर महादेव मंदिर, पोखरी में आयोजित सात दिवसीय महाशिवपुराण कथा के तीसरे दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। क्षेत्र के अलावा दूर-दराज़ से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंचे। आयोजन पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र सिंह भण्डारी, नगर पंचायत पोखरी, मंदिर समिति और व्यापार मंडल के संयुक्त तत्वावधान में हो रहा है।
कथा प्रारंभ होने से पहले ब्रजधाम से पधारीं कथावाचिका कृष्ण प्रिया महाराज ने भगवान कार्तिक स्वामी के दर्शन किए। रुद्र संहिता का वाचन करते हुए उन्होंने भगवान शिव के पंचमुख स्वरूप—सद्योजात, वामदेव, तत्पुरुष, अघोर और ईशान—तथा अष्टमूर्तियों की महिमा का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि श्रद्धापूर्वक “ॐ नमः शिवाय” का स्मरण, शिवलिंग पर जलाभिषेक और बिल्वपत्र अर्पित करने से भगवान शिव की कृपा प्राप्त होती है। साथ ही उन्होंने श्रावण मास को शिव आराधना का सर्वोत्तम समय बताया।

मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना और शिवभजनों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। मुख्य संयोजक राजेन्द्र सिंह भण्डारी ने अपनी पत्नी एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रजनी भण्डारी के साथ भगवान शिव और व्यासपीठ का विधिवत पूजन किया। विभिन्न ग्राम पंचायतों की ओर से श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन भी लगातार जारी है।
इस अवसर पर मंदिर समिति, व्यापार मंडल, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और मातृशक्ति ने कथा में सहभागिता की।
