आपदा/दुर्घटनामौसम

उत्तराखंड में फिर भारी बारिश का अलर्ट, देहरादून-बागेश्वर में 5 अगस्त को ऑरेंज अलर्ट जारी

देहरादून, 4 अगस्त। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) और भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार, 5 अगस्त के लिए देहरादून और बागेश्वर जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही राज्य के अधिकांश पर्वतीय जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली तथा तेज से अत्यंत तीव्र वर्षा के दौर की चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार 5 अगस्त को देहरादून और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। वहीं टिहरी, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, चम्पावत, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर में भी भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ अत्यंत तीव्र वर्षा के दौर आने की आशंका है।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों को अलर्ट जारी करते हुए आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभागों को 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने, राहत एवं बचाव दलों को तैयार रखने, सड़कों की निगरानी, आवश्यक मशीनरी उपलब्ध रखने तथा संचार व्यवस्था सुचारु बनाए रखने को कहा गया है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के कारण भूस्खलन, चट्टान गिरने, सड़कें बाधित होने, नदियों और गदेरों का जलस्तर बढ़ने तथा फ्लैश फ्लड जैसी घटनाएं हो सकती हैं। भारी वर्षा से पुल, सड़क, सुरंग और अन्य संवेदनशील ढांचों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है।

चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं और अन्य यात्रियों को केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करने तथा संवेदनशील ढलानों, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

मौसम विभाग के सात दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार 10 अगस्त तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा और गरज-चमक का सिलसिला जारी रहने की संभावना है, जबकि विभिन्न दिनों में अलग-अलग जिलों में भारी वर्षा का दौर भी देखने को मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!