धर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

हरिद्वार में कांवड़ियों का स्वागत, स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन

हरिद्वार, 4 अगस्त। कांवड़ यात्रा के दौरान मंगलवार को हरिद्वार में राज्य सरकार की ओर से शिवभक्त कांवड़ियों के स्वागत का कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरकी पैड़ी से कांवड़ यात्रा मार्ग तक हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। अलकनंदा होटल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने पांच कांवड़ियों का चरण प्रक्षालन कर उनका सम्मान भी किया।
मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए स्थापित मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा शिविर का उद्घाटन किया। उन्होंने शिविर में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं को उपचार, दवाइयों तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने विभिन्न राज्यों से आए कांवड़ियों के बीच पहुंचकर उन्हें भोजन भी परोसा।


इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि उत्तराखंड आने वाले सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण मिले। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के सुचारु संचालन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों से उन्हें कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा करने का अवसर मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष अब तक एक करोड़ से अधिक श्रद्धालु गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार यात्रा के दौरान सुरक्षा और सुविधाओं को प्राथमिकता दे रही है। इसके लिए यात्रा मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन निगरानी, एंबुलेंस, स्वास्थ्य शिविर और आपातकालीन सहायता की व्यवस्था की गई है। उन्होंने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से केदारनाथ धाम में पुनर्निर्माण कार्य किए गए हैं। साथ ही हरिद्वार में प्रस्तावित गंगा कॉरिडोर और शारदा कॉरिडोर जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा में सेवाएं देने वाले पांच पुलिसकर्मियों और पांच पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, स्वच्छता कर्मियों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा अन्य कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान है।
इस अवसर पर संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़िए उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!