तमक नाले में अस्थायी मार्ग से वाहनों की आवाजाही हुयी सुचारु
ज्योतिर्मठ, 11 अगस्त (कपरूवाण)। नीती घाटी में भारी बारिश के कारण तमक नाला उफान पर आने से वैली ब्रिज बहने के बाद बाधित हुई वाहनों की आवाजाही को जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के त्वरित प्रयासों से सुचारु कर दिया गया है।
तमक नाले में ह्यूम पाइप डालकर अस्थायी मोटर मार्ग तैयार किया गया है, जिसके बाद इस मार्ग से वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई। मार्ग बहाली के लिए प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर लगातार जुटी रहीं और युद्धस्तर पर काम करते हुए यातायात व्यवस्था बहाल की गई।
वहीं, तमक नाले में वैली ब्रिज बहने की घटना के बाद लापता एक व्यक्ति की तलाश में मंगलवार को दूसरे दिन भी रेस्क्यू अभियान जारी रहा। लापता व्यक्ति की तलाश के लिए जिला प्रशासन, पुलिस, भारतीय सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और सीमा सड़क संगठन की टीमें संयुक्त रूप से सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चला रही हैं। प्रभावित क्षेत्र के आसपास नदी तट और संभावित स्थानों पर गहन तलाशी ली जा रही है।
जिला प्रशासन की ओर से मौके की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। मौसम और तमक नाले के जलस्तर को देखते हुए रेस्क्यू अभियान में सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। मौके पर तैनात टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं।
प्रशासन ने स्थानीय लोगों और वाहन चालकों से अस्थायी मार्ग से आवागमन के दौरान विशेष सावधानी बरतने तथा मौके पर तैनात प्रशासन एवं संबंधित विभागों की टीमों के सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
