खेल/मनोरंजनसुरक्षा

माउंट मुकुट फतह कर लौटी भारतीय तटरक्षक बल की टीम का मुख्यमंत्री धामी ने किया स्वागत

17 सदस्यीय दल ने 7,045 मीटर ऊंची चोटी पर की सफल चढ़ाई, वर्ष 2027 में माउंट एवरेस्ट फतह करने का लक्ष्य

देहरादून, 12 अक्टूबर। भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) के 17 सदस्यीय पर्वतारोहण दल ने उत्तराखंड में स्थित 7,045 मीटर ऊंची माउंट मुकुट चोटी पर सफलतापूर्वक चढ़ाई कर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को आयोजित समारोह में अभियान दल का स्वागत करते हुए पर्वतारोहियों को बधाई दी। इस अवसर पर भारतीय तटरक्षक बल के अतिरिक्त महानिदेशक आनंद प्रकाश बडोला भी उपस्थित रहे।

भारतीय तटरक्षक बल के पर्वतारोहण दल ने सात अक्टूबर को माउंट मुकुट की चोटी पर पहुंचकर अपना अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया। यह अभियान दार्जिलिंग स्थित हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट के विशेषज्ञों की देखरेख में संचालित किया गया था।

मुख्यमंत्री धामी ने पर्वतारोहियों के साहस, दृढ़ संकल्प और कठिन परिस्थितियों में दिखाई गई सहनशक्ति की सराहना की। उन्होंने कहा कि समुद्री सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले भारतीय तटरक्षक बल के जवानों ने हिमालय की दुर्गम चोटियों पर भी अपनी क्षमता और साहस का परिचय दिया है। यह उपलब्धि देश के लिए गौरव का विषय है।
अतिरिक्त महानिदेशक आनंद प्रकाश बडोला ने अभियान दल को बधाई देते हुए कहा कि अत्यधिक ऊंचाई, प्रतिकूल मौसम और कठिन पर्वतीय परिस्थितियों के बीच सफलता हासिल करना टीम की मानसिक दृढ़ता, शारीरिक क्षमता और आपसी समन्वय का प्रमाण है।

उल्लेखनीय है कि भारतीय तटरक्षक बल वर्ष 2027 में अपनी स्वर्ण जयंती के अवसर पर विश्व की सर्वोच्च चोटी माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई करने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए 18 महीने का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। माउंट मुकुट अभियान इसी प्रशिक्षण कार्यक्रम का पांचवां और अंतिम महत्वपूर्ण चरण था।

यह पर्वतारोहण अभियान 15 सितंबर 2026 को शुरू हुआ था। दल ने एक अक्टूबर को अपना पहला आधार शिविर स्थापित किया। इसके बाद प्रतिकूल मौसम और दुर्गम पर्वतीय परिस्थितियों का सामना करते हुए सात अक्टूबर को माउंट मुकुट की 7,045 मीटर ऊंची चोटी पर सफलतापूर्वक आरोहण किया।

अभियान के दौरान ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पर्वतारोहण, मौसम की चुनौतियों और दलगत समन्वय से जुड़े अनुभव प्राप्त हुए। भारतीय तटरक्षक बल के अनुसार ये अनुभव वर्ष 2027 के प्रस्तावित माउंट एवरेस्ट अभियान की अंतिम तैयारियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!