कर्णप्रयाग और पोखरी क्षेत्र में मिले तांबा, सीसा और जस्ता के भंडार, नीलामी प्रक्रिया की समीक्षा
चमोली, 25 अगस्त (कपरुवाण)। जनपद चमोली के कर्णप्रयाग और पोखरी क्षेत्रों में तांबा, सीसा और जस्ता के भंडार पाए गए हैं। भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण की राज्य इकाई देहरादून द्वारा किए गए अन्वेषण के बाद इन क्षेत्रों को खान मंत्रालय, भारत सरकार की महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉकों की नीलामी प्रक्रिया में शामिल किया गया है।
जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला सभागार गोपेश्वर में आयोजित बैठक में खनिज ब्लॉकों की नीलामी प्रक्रिया की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में प्रस्तावित खनिज क्षेत्रों, नीलामी प्रक्रिया के क्रियान्वयन और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने बताया कि खान मंत्रालय द्वारा जनपद के कर्णप्रयाग और पोखरी क्षेत्रों को खनिज ब्लॉक के रूप में चिह्नित किया गया है। भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण की राज्य इकाई देहरादून ने इन क्षेत्रों में भूवैज्ञानिक अन्वेषण किया है। अन्वेषण के दौरान यहां तांबा, सीसा और जस्ता के भंडार मिलने की पुष्टि हुई है। इसके बाद इन क्षेत्रों को आगे की प्रक्रिया में शामिल किया गया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रस्तावित क्षेत्रों के स्थलीय निरीक्षण के लिए राजस्व, वन, सिंचाई, भूतत्व एवं खनिकर्म, आपदा प्रबंधन सहित अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त समिति गठित की गई है। समिति संबंधित क्षेत्रों का निरीक्षण कर विभिन्न पहलुओं का आकलन करेगी।
उन्होंने समिति को स्थलीय निरीक्षण की आख्या शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि खनिज ब्लॉकों से संबंधित आगे की कार्रवाई निर्धारित समय के भीतर पूरी की जा सके।
बैठक में जिला खान अधिकारी अंकित चंद, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदकिशोर जोशी, उप प्रभागीय वनाधिकारी जुगल किशोर, सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता सुरेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
