दिल्ली-एनसीआर में 35 रुपये किलो बिक रहा प्याज
प्याज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए बाजार में योजनाबद्ध प्रयास

नयी दिल्ली, 27 अगस्त। प्याज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए बाजार में योजनाबद्ध प्रयास किए जा रहे हैं। उपभोक्ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में ₹35 प्रति किलोग्राम की दर से प्याज की बिक्री की जा रही है और आपूर्ति पर्याप्त बनी हुई है। सरकार ने किफायती दरों पर प्याज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कई कदम उठाए हैं। इस पहल के तहत, दिल्ली-एनसीआर में खुदरा दुकानों और मोबाइल वितरण केंद्रों के माध्यम से ₹35 प्रति किलोग्राम की दर से बफर स्टॉक का प्याज उपलब्ध कराया जा रहा है। यह कदम बाजार की मौजूदा स्थितियों को देखते हुए उठाया गया है, जिसका उद्देश्य उपभोक्ताओं तक प्याज की पहुंच बेहतर बनाना, कीमतों के दबाव को कम करना और बाजार में प्याज की पर्याप्त मात्रा बनाए रखना सुनिश्चित करना है।

‘कांदा एक्सप्रेस’ पहल ने प्याज उत्पादन वाले इलाकों से मुख्य खपत केंद्रों तक बफर प्याज की आवाजाही को आसान बनाकर सरकार की लॉजिस्टिक्स व्यवस्था को मजबूत किया है। बफर स्टॉक से कीमतों को स्थिर रखने में मदद मिली है। वर्ष 2024-25 के दौरान, 14 रेलवे रेक के माध्यम से लगभग 12,000 मीट्रिक टन बफर प्याज 5 शहरों में पहुँचाया गया था। वर्ष 2025-26 में इस पहल का व्यापक विस्तार हुआ, जिसके तहत देश भर के 16 शहरों में 86 रेलवे रेक के जरिए लगभग 88,000 मीट्रिक टन प्याज पहुँचाया गया। वर्तमान में जारी इस पहल के तहत, प्याज की आवाजाही रेल और सड़क दोनों नेटवर्क के माध्यम से की जा रही है। बफर प्याज के वैज्ञानिक तरीकों से सुरक्षित रख-रखाव और कुशल वितरण में सहायता के लिए केंद्रीय भंडारण निगम (सीडब्ल्यूसी) को भी इस व्यवस्था में शामिल किया गया है।

