चमोली में 31 अक्टूबर से तीन दिवसीय दिव्यांग शिविर, निःशुल्क मिलेंगे कृत्रिम अंग
थराली, 28 अक्टूबर (हरेन्द्र बिष्ट)। जिला समाज कल्याण विभाग चमोली की ओर से राजस्थान की जयपुर फुट संस्था के सहयोग से 31 अक्टूबर से दो नवंबर तक तीन दिवसीय विशेष दिव्यांग शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार कृत्रिम अंग एवं अन्य सहायक उपकरण निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे।
विकासखंड देवाल के सहायक समाज कल्याण अधिकारी राजेंद्र सिंह बिमोली ने बताया कि दिव्यांगजनों को आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर का लाभ उठाने के इच्छुक दिव्यांगजनों अथवा उनके परिजनों को पहले से पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। इसके लिए विभाग की ओर से जारी क्यूआर कोड अथवा ऑनलाइन लिंक के माध्यम से पंजीकरण किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि पंजीकरण के लिए आवश्यक क्यूआर कोड अथवा लिंक संबंधित विकासखंड कार्यालयों से प्राप्त किया जा सकता है। पंजीकृत दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप कृत्रिम अंग तथा अन्य सहायक उपकरण निःशुल्क प्रदान किए जाएंगे।
बिमोली ने जिले के दिव्यांगजनों और उनके परिजनों से निर्धारित समय पर पंजीकरण कराकर शिविर का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की है।

