स्वास्थ्य उनियाल ने 391 फार्मेसी अधिकारी पदों को क्रियाशील करने पर मांगा प्रस्ताव
चारधाम के बकाया भुगतान को 15 दिन की मोहलत
देहरादून, 3 सितम्बर। स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने फार्मेसी अधिकारियों की लंबित समस्याओं के नियमानुसार समाधान के लिए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चारधाम यात्रा ड्यूटी के लंबित देयकों का भुगतान 15 दिन के भीतर करने और स्वास्थ्य उपकेंद्रों के लिए पूर्व में सृजित 391 फार्मेसी अधिकारी पदों को क्रियाशील करने संबंधी प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा है।
सचिवालय में गुरुवार को डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन की पांच सूत्रीय मांगों को लेकर आयोजित बैठक में संगठन के प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याएं रखीं। इनमें 10 वर्ष की सेवा पर प्रथम पदोन्नति पद का वेतनमान, 391 पदों को क्रियाशील करने, फार्मेसी प्रैक्टिस रेगुलेशन-2015 लागू करने, चिकित्सकों की अनुपस्थिति में निर्धारित औषधियां उपलब्ध कराने के लिए फार्मेसी अधिकारियों को अधिकृत करने और चारधाम यात्रा ड्यूटी के लंबित देयकों का भुगतान प्रमुख हैं।
वर्ष 2009 के बाद नियुक्त फार्मासिस्टों को प्रथम एसीपी के रूप में प्रथम पदोन्नति पद के समकक्ष वेतनमान देने की मांग पर मंत्री ने केंद्र सरकार के सेवा संबंधी प्रकरणों का नियमानुसार परीक्षण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पर्वतीय और दुर्गम क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता में फार्मेसी अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। फार्मेसी प्रैक्टिस रेगुलेशन-2015 लागू करने और चिकित्सकों की अनुपस्थिति में औषधियां उपलब्ध कराने के लिए फार्मेसी अधिकारियों को अधिकृत करने के संबंध में एक सप्ताह में रिपोर्ट मांगी गई है। महानिदेशक स्वास्थ्य ने बताया कि इसके लिए समिति गठित की जा चुकी है।
चारधाम यात्रा ड्यूटी के लंबित भुगतान पर मंत्री ने नाराजगी जताते हुए 15 दिन में सभी देयकों का भुगतान सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, वित्त सचिव दिलीप जावलकर, स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पाण्डेय, महानिदेशक स्वास्थ्य सुनीता टम्टा सहित विभागीय अधिकारी और एसोसिएशन के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
